Graphic Era में ढ़ोल-नगाड़ों-जयकारों की धूम के बीच गणेश की विधिवत स्थापना:VCP राखी ने की पूजा-अर्चना

Chetan Gurung
भक्ति भाव से भरपूर उत्साह-जोश और उमंग के साथ ही ढोल-नगाड़ों की गूंज, गणपति बप्पा के जयकारों के बीच थिरकते कदमों के बीच Graphic Era विवि में गणेश का आज गणेश चतुर्थी पर भव्य स्वागत हुआ।
आज ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भगवान गणेश की स्थापना की गई। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की वाइस चेयरपर्सन डा. राखी घनशाला ने भगवान गणपति की आरती के साथ गणेश उत्सव का शुभारंभ किया। ग्राफिक एरा के पदाधिकारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने एक साथ आरती में भाग लेकर गणपति की आराधना की।
उत्सव का रंग चढ़ा तो ग्राफिक एरा का परिसर भी गणपति बप्पा की भक्ति में रंग गया। संगीत, मस्ती और उमंग से सजे माहौल में छात्र-छात्राओं ने जमकर उत्सव मनाया। छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने गणेश उत्सव में खूब तालियां बटोरीं। भजनों की प्रस्तुतियों के बीच गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे, वहीं गीतों पर छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति को भी खूब सराहना मिली।
टीम रंगमंच की भगवान गणेश के जन्म पर आधारित स्किट ने पौराणिक प्रसंग को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। देवभूमि टीम ने गढ़वाली नाट्य प्रस्तुति में लोकनृत्य और अभिनय के सुंदर मेल से गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। अलग-अलग प्रांतों की विशिष्ट नृत्य शैलियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने गणपति को अपनी-अपनी संस्कृति के रंग में नमन किया।
उत्सव में कुलपति डा. नरपिंदर सिंह, कुलसचिव डा. नरेश कुमार शर्मा के साथ अन्य पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।



