
Chetan Gurung
Monsoon में तबाह हो गई सड़कों पर CM पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में कड़क तेवर और अंदाज जाहिर करते हुए अफसरों को पूरे प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द से जल्द गड्ढामुक्त कर समतल और शानदार करने की ताकीद की। DMs को सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने और संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए फरमान सुनाया। नतीजे देने के बजाए बहाने बनाने वाले अफसरों पर लगे हाथों कटाक्ष भी किया।

उन्होंने सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और 15 अक्टूबर के बाद खुद कभी भी सड़क मार्ग से यात्रा कर मौका मुआयना करने के लिए भी चेताया। चार धाम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखा जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए।
पुष्कर ने कहा कि संबंधित जिलाधिकारी और विभाग आपसी समन्वय से यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखें। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को और अधिक प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। जन समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान करें। ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। स्वाइन फ्लू सहित विभिन्न संक्रामक एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण करें तथा साफ-सफाई व्यवस्था, आवश्यक दवाइयों एवं अन्य चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता का जायजा लें।
पुष्कर ने हिदायत दी कि स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन आपसी समन्वय से रोगों की रोकथाम, उपचार एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें और स्थिति की नियमित निगरानी की जाए। इस अवसर पर प्रमुख सचिव Rk सुधांशु,L फैनई, डॉ.R मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव शैलेश बगोली, DGP दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक (HofF) कपिल लाल, सभी सचिव, विभागों के प्रमुख एवं वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी बैठक में थे।



