
Chetan Gurung
Asian Championship समेत कई International Tournament में Medal जीत के उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करने वाली पिथौरागढ़ की मुक्केबाज निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को आज CM पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। उनके प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल्ल और ललित कुँवर को भी सम्मानित किया गया।


हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में 3 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद ने 60 किलोग्राम भार वर्ग और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किए। पिथौरागढ़ के बड़ालू गांव की निवासी निकिता वर्ष 2021, 2022 और 2023 में एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी है।
मुनस्यारी के भदेली गांव की काजल फर्स्वाण वर्तमान में पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप में है। वह अंडर-19 ASBC एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक, अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक तथा 38वें नेशनल गेम्स-2025 में रजत पदक जीत चुकी है। पिथौरागढ़ की ही आरती धारियाल ने 12 से 16 जुलाई 2026 तक रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
गौड़ीहाट, पिथौरागढ़ की आरती वर्ष 2024 और 2025 में एलीट महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। वह वर्तमान में पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप में है। मुख्यमंत्री पुष्कर ने इस मौके पर Medalists से कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
CM पुष्कर ने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच पर प्रदर्शन करने के लिए आवश्यक अवसर और सुविधाएं मिलें। इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा, सहायक निदेशक संजीव पौरी, जिला खेल अधिकारी शबाली गुरुंग भी थे।



