
Chetan Gurung
सचिवालय में अफसरों को बैठने के लिए उचित दफ्तर की कमी जल्द खत्म हो जाएगी। CM पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर Campus में विश्वकर्मा भवन के निकट लगभग ₹59.34 करोड़ की लागत से 6 मंजिला नए भवन का निर्माण किया जा रहा है। भवन में अधिकारियों के कार्यालयों, बैठक कक्षों, बैंक, डाकघर और पार्किंग की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
राज्य संपत्ति महकमे के सचिव डॉ R राजेश कुमार ने कहा कि नए भवन के निर्माण से कार्यालयी व्यवस्था अधिक बेहतर होंगे। Project में ₹4127.05 लाख सिविल कार्यों और ₹1807.26 लाख विद्युतीकरण के लिए निर्धारित हैं। बेसमेंट सहित भवन की सभी मंजिलों का कुल निर्मित क्षेत्रफल 1,04,480 वर्गफुट होगा। बेसमेंट में 25 कारों और 100 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है।
अभी सचिवालय परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग की भारी समस्या आती है। नए भवन से सबसे बड़ा सिरदर्द यही दूर होगा। ग्राउंड फ्लोर पर भारतीय स्टेट बैंक, डाकघर, एक्सटेंशन लॉबी और प्रतीक्षालय की सुविधा प्रस्तावित है। पहली मंजिल पर सात अनुभागीय कार्यालयों और चार अनुसचिव कार्यालयों का प्रावधान किया गया है। दूसरी मंजिल पर भी इसी प्रकार की कार्यालयीय व्यवस्था प्रस्तावित है।
तीसरी मंजिल पर पांच अपर सचिवों के कार्यालय, उनके स्टाफ कार्यालय, संयुक्त सचिवों के कार्यालय और एक बैठक कक्ष की व्यवस्था होगी। पांचवीं मंजिल पर सात सचिव कार्यालयों के साथ स्टाफ कार्यालय, प्रतीक्षालय और बैठक कक्ष बनाया जाएगा। भवन का G+5 स्तर तक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। भौतिक प्रगति 60 प्रतिशत दर्ज की गई है। निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य मार्च-2027 निर्धारित किया गया है।
सचिव (आवास एवं राज्य संपत्ति) डॉ.RRK ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सरकारी कार्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।



