
Chetan Gurung
भारत सरकार की तरह उत्तराखंड की भी नई Sports Policy तैयार करने के लिए आज खेल मंत्री रेखा आर्य ने महकमे के अफसरों को हिदायत दी कि CM पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के मद्देनजर खेल Experts के साथ ही अवाम और खेलों से जुड़ी हस्तियों से भी सुझाव लें। इसके लिए जल्द से जल्द Online Link शुरू किया जाए।



उन्होंने कहा कि बेहतरीन सुझाव देने वालों को सम्मानित किया जाएगा। नई खेल नीति में केंद्र सरकार की नीतियों को शामिल किया जाना है। उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को वैश्विक पहचान दिलाना और उन्हें बढ़ावा देने को भी नीति का प्रमुख हिस्सा बनाया जाएगा।
खेल मंत्री रेखा ने प्रदेश में Sports University की स्थापना की तैयारियों में तेजी लाने और देश-दुनिया में राज्य का नाम रोशन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘Out of Turn’ सरकारी नौकरी देने व उन्हें खेल अकादमियों में समायोजित करने की प्रक्रिया को बिना किसी देरी के जल्द से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा, निदेशक (खेल) दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल,AD संजीव पौरी और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश मंमगाई उपस्थित रहे।


—बेसहारा बच्चों को 4.39 करोड़ DBT की–
कोरोना महामारी में माता-पिता-संरक्षकों को सदा के लिए खो देने वालों को भी आज खेल के साथ महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री ने बतौर `बुआ’ सरकार की योजना के तहत आर्थिक मदद दी।
आज देहरादून स्थित Camp Office में उन्होंने `मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना’ के तहत अप्रैल, मई और जून 2026 की ₹4 करोड़ 39 लाख से अधिक की धनराशि सीधे DBT के जरिये ऐसे बच्चों के बैंक खातों में ट्रांसफर की। अप्रैल में 4,917 बच्चों को ₹1.47 करोड़, मई में 4,879 बच्चों को ₹1.46 करोड़ और जून माह में 4,848 लाभार्थियों को ₹1.45 करोड़ से अधिक की राशि (₹3000 प्रति माह के मान से) जारी की गई।
इन बच्चों के भरण-पोषण और उनके चेहरों पर खुशियां लौटाने वाली इस मानवीय व संवेदनशील योजना के निरंतर संचालन के लिए रेखा ने मुख्यमंत्री पुष्कर का आभार जताया। इस अवसर पर निदेशक बंशीलाल राणा, मुख्य परिवीक्षा अधिकारी (CPO) अंजना गुप्ता उपस्थित रहे।



