उत्तराखंडदेशराष्ट्रीयस्वास्थ्य

आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों-सेविकाओं के कल्याण के हक में सरकार-CM पुष्कर:सरकार के फैसलों के लिए जताया कार्यकत्रियों ने मुख्यमंत्री का आभार

Chetna Gurung

CM पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास पर मिलने आए आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके हकों और हितों के संरक्षण में सदा प्रयासरत रहेगी।

प्रतिनिधिमंडलों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं भोजन माताओं का दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताने के दौरान कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ ही उनका मनोबल भी बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं अत्यंत सराहनीय हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके योगदान को देखते हुए राज्य सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

पुष्कर ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को बेहतर अवसर, सम्मान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के समर्पण और सेवाभाव से प्रदेश में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूती मिल रही है।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button