
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद के अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 के उद्घाटन की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर (नैनीताल) स्थित सुकमा रिजॉर्ट में आयोजित भव्य गाला डिनर को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करने के दौरान प्रतियोगिता में शामिल सभी साइकिलिस्टों का स्वागत करते हुए कहा कि इस किस्म की प्रतियोगिताएं राज्य के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में पिरोने में अहम भूमिका निभा रही हैं।



यह रोमांचक साइकिलिंग प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। 26 नवंबर को मसूरी में समाप्त होगी। ऐसे आयोजनों के माध्यम से देश-दुनिया के लोगों को उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिलता है।
CM PSD ने कहा कि ये आयोजन ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को प्रोत्साहित करने और स्थानीय उत्पादों एवं पर्यटन स्थलों की पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। देश-विदेश के साइकिलिस्टों को उत्तराखण्ड की समृद्ध कला एवं संस्कृति के साथ ही यहां की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों, जैव विविधता और पर्यटन की अपार संभावनाओं को करीब से जानने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन से प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं। अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 आयोजन प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने के साथ ही उत्तराखण्ड को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्टों, अतिथियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति, खुरपाताल तथा नई दिशाएं, नैनीताल के सांस्कृतिक दलों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। उनके जरिये पारंपरिक लोकनृत्यों, लोकगीतों और लोकधुनों के माध्यम से उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली।
प्रसिद्ध लोक प्रेमगाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित मनमोहक लोकनृत्य की प्रस्तुति भी हुई। कलाकारों ने नृत्य एवं संगीत के माध्यम से राजुला और मालूशाही के अमर प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को बेहद आकर्षक ढंग से प्रस्तुत कर इस लोकगाथा को जीवंत कर दिया। ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर छपेली लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, MD-KMVN विनीत तोमर, CDO-नैनीताल अरविंद कुमार पांडेय, GM मनीष सिंह भी उपस्थित रहे।



