
Chetan Gurung
भीमताल:Graphic Era Group of Institutions के Chairman डा. कमल घनशाला ने कहा कि प्रतिष्ठित Global Institutions में चयन कोई संयोग भर न हो कर निजी समर्पण, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प का नतीजा होता है। अपनी मेहनत, लगन और काबिलियत के दम पर हासिल की गई ऐसी उपलब्धियां ही व्यक्ति को वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान दिलाती हैं।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर में प्लेसमेंट समारोह-2026 में डा. घनशाला ने कहा कि भीमताल परिसर की स्थापना के पीछे उनका विजन कुमाऊं क्षेत्र के युवाओं को उनके अपने क्षेत्र में ही विश्वस्तरीय शिक्षा, आधुनिक तकनीक और बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराना था। पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं में प्रतिभा, क्षमता और बड़े सपने देखने का हौसला भरपूर है। जरूरत केवल उन्हें ऐसा मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखारकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने कहा कि इसके लिए दुनिया की नवीनतम टेक्नोलॉजी और कॉर्पोरेट क्षेत्र में भविष्य की आवश्यकताओं को मद्देनज़र रखते हुए कोर्स डिजाइन किए गए हैं। गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन जैसी विश्वप्रसिद्ध कंपनियों में बड़े ऊंचे पैकेज पर प्लेसमेंट इसी का सुफल है। डॉ घनशाला ने गूगल में 61.36 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर चयनित बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र कार्तिकेय वारियाल को एक लाख रुपये की नकद धनराशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
GEGI के प्रमुख ने कार्तिकेय की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और अपने लक्ष्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिणाम है। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों की सफलता में अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि माता-पिता का सहयोग, सही संस्कार और निरंतर प्रोत्साहन ही बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देता है।
कार्तिकेय वारियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में मिले मार्गदर्शन, मेंटरशिप और अवसरों ने गूगल में चयन की उनकी यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने जूनियर छात्र-छात्राओं को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की सलाह दी। कार्तिकेय के पिता बसंत बल्लभ वारियल ने भी विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया और बेटे की सफलता में शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं विश्वविद्यालय के सहयोगपूर्ण शैक्षणिक वातावरण के योगदान की सराहना की।



