
Chetan Gurung
उत्तराखण्ड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के मकसद से पौड़ी में प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर के करीब आधुनिक दो मंजिला पार्किंग विकसित की जा रही है। इसकी योजना पर कार्यवाही शुरू हो गई है। CM पुष्कर सिंह धामी की हिदायत पर खुद आवास सचिव डॉ R राजेश कुमार इसकी Monitoring कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और चार धाम यात्रा के दौरान वाहनों की अधिक आवाजाही के मद्देनजर प्रस्तावित पार्किंग से मंदिर क्षेत्र में यातायात और पार्किंग व्यवस्था बेहतर हो सकेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर की घोषणा के अंतर्गत धारी देवी, श्रीनगर में पार्किंग निर्माण की यह योजना प्रस्तावित है।
परियोजना के लिए भूमि चिह्नीकरण एवं भू-सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रस्तावित पार्किंग के निर्माण के लिए ग्राम कलियासौड़, तहसील श्रीनगर में कुल 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यह भूमि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है। मंदिर के निकट होने के कारण यह स्थल पार्किंग निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है।
चिह्नित भूमि का GIS के माध्यम से भू-सर्वेक्षण भी कराया जा चुका है। सर्वेक्षण के अनुसार, निर्धारित शर्तों के अधीन भूमि पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाई गई है। प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी, जिसकी करीब 100 ECS (इक्विवेलेंट कार स्पेस) की क्षमता होगी।
परियोजना की कार्यदायी संस्था नामित होने के बाद प्रस्तावित स्थल का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके उपरांत GIS के निर्देशों के अनुरूप मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से पार्किंग का संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाना प्रस्तावित है। निर्माण में तकनीकी मानकों, मजबूती एवं सुरक्षा के लिए ये किया जा रहा है।
अभिलेखों में यह भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है। वर्तमान में इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर द्वारा किया जा रहा है। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित परियोजना से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NoC) मिलने के बाद भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित किए जाने की कार्यवाही प्रस्तावित है।



