अंतरराष्ट्रीयउत्तराखंडदेशयूथराष्ट्रीय

मैग्नेटिक तकनीक से कैंसर का इलाज:Graphic Era के Doctors का कमाल:IIT-रूड़की संग GE विवि का करार

Chetan Gurung

देहरादून। ग्राफिक एरा अस्पताल के विशेषज्ञों ने मैग्नेटिक कम्प्रेशन तकनीक से कैंसर पीड़ित मरीज का कामयाब ईलाज कर दिखाने का कारनामा किया। उत्तराखंड में अपनी तरह का यह पहला मामला है।

बिजनौर (UP) के 67 वर्ष के बुजुर्ग मरीज पित्त की थैली के कैंसर से पीड़ित थे। जो लिवर तक फैल चुका था।मरीज को गंभीर पीलिया हो गया था। पित्त की निकासी के लिए स्टेंट डालना जरूरी था। नलियों की जटिल बनावट के कारण अन्य अस्पतालों में यह प्रक्रिया संभव नहीं हो पाई थी।

इस चुनौती को स्वीकार करते हुए ग्राफिक एरा अस्पताल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. सचिन मुंजाल और इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट डॉ. दिनेश कुशवाहा की टीम ने विशेष तकनीक का इस्तेमाल करते हुए मरीज का सफलतापूर्वक उपचार किया। सबसे पहले एंडोस्कोपिक अल्ट्रासाउंड (EUS) की सहायता से लिवर की पित्त नली और पेट के बीच नया रास्ता बनाकर स्टेंट डाला गया।

इस तकनीक को ईयूएस गाइडेड हेपेटिकोगैस्ट्रोस्टॉमी (HGS) कहा जाता है। इसके बाद इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी और एंडोस्कोपी की मदद से दो विशेष मैग्नेट अलग-अलग रास्तों से लिवर के दाहिने हिस्से की बंद पित्त नलियों तक पहुंचाए गए।

एक मैग्नेट को लिवर के रास्ते और दूसरे को पहले से लगाए गए एचजीएस स्टेंट के माध्यम से पहुंचाया गया। दोनों मैग्नेट आपस में जुड़ गए। उनके बीच बने दबाव से धीरे-धीरे नया रास्ता तैयार हुआ। इस तकनीक को मैग्नेटिक कम्प्रेशन एनास्टोमोसिस (मैग्नामोसिस) कहा जाता है। इसके बाद पहले से लगे स्टेंट के भीतर एक अतिरिक्त स्टेंट डालकर लिवर के दाहिने हिस्से की पित्त नलियों को भी निकासी मार्ग से जोड़ दिया गया।

इससे लिवर के अलग-अलग हिस्सों में जमा पित्त को बाहर निकालना संभव हो सका। इस जटिल प्रक्रिया में डॉ. सचिन मुंजाल, डॉ. दिनेश कुशवाहा, डॉ. हरि मंगलनाथ , डॉ. रजत केसरी, डॉ. रोशिफ, डॉ. फैसल और डॉ. शुभम के साथ तकनीकी स्टाफ कुलदीप एवं मनीष का महत्वपूर्ण योगदान रहा। डॉ. सचिन मुंजाल ने बताया कि HGS और मैग्नेटिक कम्प्रेशन तकनीक का एक साथ इस्तेमाल कर पित्त निकासी का अतिरिक्त मार्ग बनाना बेहद जटिल और दुर्लभ प्रक्रिया है। उत्तराखंड में अपनी तरह का यह पहला मामला है। देश में भी इस तरह की प्रक्रियाओं के उदाहरण बेहद सीमित हैं।

—Graphic Era-IIT रुड़की में शोध सहयोग पर करार–

ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी ने IIT-रुड़की के साथ शैक्षणिक और अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा देने के लिए MoU किया है।

करार पर ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की ओर से कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह और IIT-रुड़की की ओर से डीन प्रो. विवेक कुमार मलिक ने हस्ताक्षर किए। इस करार के तहत दोनों संस्थान शोधार्थियों के संयुक्त मार्गदर्शन और सह-पर्यवेक्षण, अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों, तथा शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान पर मिलकर काम करेंगे। साथ ही संयुक्त सम्मेलन, सेमिनार, कार्यशालाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button