
Chetan Gurung
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी की धनौल्टी विधानसभा के अंतर्गत थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक समारोह में स्थानीय लोगों को लगभग 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सौगात दी। 3,050.63 लाख रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 2,204.62 लाख रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। ये योजनाएं सड़क निर्माण, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग और पशुपालन जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी हैं।








पुष्कर ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी लोक कला, परंपराओं और लोक संगीत के संरक्षण के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। राज्य सरकार भी युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। सरकार टिहरी झील और उसके आसपास के क्षेत्रों को प्रमुख पर्यटक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। लगभग 1,300 करोड़ रुपये की लागत से विशेष पर्यटक क्षेत्र और रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड ने अपनी शुरुआत से अब तक 6 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है, जो स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता का प्रमाण है। स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन और होम स्टे जैसी पहलों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
PSD ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। इनमें थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करना,धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग का निर्माण,जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 273 लाख रुपये और भवन बाजार क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति शामिल है। खास बात ये रही कि समारोह में अनेक लोग पारंपरिक पोशाक में सज-धज के आए थे। उनमें मुख्यमंत्री से मिलने को ले के बेहद उत्साह नजर आ रहा था।
CM पुष्कर ने कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में नवाचार करने वाले प्रगतिशील किसानों और गढ़वाली भाषा में धार्मिक ग्रंथों का अनुवाद करने वाले साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर पर स्थानीय MLA प्रीतम पँवार,कई जनप्रतिनिधि, महोत्सव समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



