
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी ने आज सूचना महकमे की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का गोर्खा मिलिटरी इंटर कॉलेज (डाकरा-गढ़ी कैंट) में विमोचन करने के दौरान कहा कि विकास का असली अर्थ महज योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसका Positive असर आम लोगों की जिंदगी पर नजर आना चाहिए। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने से पलायन की समस्या का समाधान होता है। सरकार का मकसद लोगों की दुश्वारियों को कम करना और प्रत्येक परिवार का भविष्य बेहतर बनाना है।




मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। चार धाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य के विकास को नई गति प्रदान कर रही हैं। हवाई और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हो रही है। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य के साथ कार्य किया जा रहा है। स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। G-20 की बैठकों के सफल आयोजन से उत्तराखण्ड को वैश्विक पहचान मिली। 38वें National Games के ऐतिहासिक आयोजन ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और आयोजन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया।
PSD ने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास के माध्यम से पर्यटन को वर्षभर रोजगार और आजीविका से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिये प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहन मिला है। वर्ष 2025-26 के अनुमानों के अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये है। वर्ष 2026-27 का बजट 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून तथा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जैसे निर्णय राज्य और यहां के नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर लिए गए हैं। सरकार की उपलब्धियों के बावजूद जिम्मेदारियां और अधिक कार्य करने की प्रेरणा देती हैं।
CM पुष्कर ने ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखण्ड का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर महानिदेशक (सूचना) बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए शुभकामना संदेश को पढ़ा। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी एवं खजान दास, विधायक विनोद चमोली एवं सविता कपूर, देहरादून के Mayor सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनन्दबर्द्धन, प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु एवं डॉ R मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव (सूचना-गृह-कार्मिक) शैलेश बगौली, उत्तराखण्ड मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह बिष्ट, सचिव विनय शंकर पांडेय भी समारोह में उपस्थित थे।



