
Chetan Gurung
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज IRDT सभागार में आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में India Skill Competition-2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करने के दौरान सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 के 32 राजकीय ITI Toppers को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।






उन्होंने आईटीआई में राज्य स्तरीय प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभागीय पोर्टल विकसित करने में सराहनीय योगदान देने वाले विभागीय अधिकारियों एवं कार्मिकों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चीन के शंघाई में आयोजित प्रतियोगिता में उत्तराखण्ड के दो प्रतिभाशाली युवाओं सानिया जोशी और पार्थ बोहरा का भी भारत के शानदार प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सानिया ने रिटेल सेल्स तथा पार्थ ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने दोनों प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। औद्योगिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर यह प्रयास किया जा रहा है कि युवाओं को उन क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिले, जिनमें वर्तमान समय में कुशल मानव संसाधन की अधिक मांग है।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा जॉब क्रिएटर बनकर अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं। इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू की गई है। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं तथा ₹200 करोड़ के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। राज्य में नई खेल नीति लागू की गई है। खेल अवस्थापना सुविधाओं, स्टेडियमों और प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है।
CM पुष्कर ने कहा कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही सरकारी सेवाओं में अवसर भी प्रदान किए जा रहे हैं। युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।
पुष्कर ने कहा कि आज प्रदेश में भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से आयोजित की जा रही हैं। युवाओं को बिना किसी सिफारिश और रिश्वत के केवल योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में चयनित होने का अवसर मिल रहा है। राज्य गठन के बाद से अब तक प्रदेश में लगभग 55 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प हम सभी का सामूहिक लक्ष्य है। भारत की युवा शक्ति इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में मंत्री सौरभ बहुगुणा व खजान दास और सचिव C रविशंकर उपस्थित रहे। युवाओं में CM पुष्कर सिंह धामी से मिलने और उनके साथ अपनी तस्वीर Mobile Phone में कैद करने की होड़ नजर आई।
—



