उत्तराखंडदेशपर्यटनराजनीतिराष्ट्रीय

CM पुष्कर ने डेढ़ अरब से अधिक की योजनाओं के उपहारों से चंपावत को चमकाया:दिवंगत लोक कलाकार प्रह्लाद के परिवारजनों को बिंदुखत्ता में किया सम्मानित

Chetan Gurung

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज चम्पावत के पूरे जिले के लिए ₹165.68 करोड़ की लागत की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास (₹16,567.56 लाख की 21 योजनाओं का लोकार्पण तथा 33 योजनाओं का शिलान्यास) कर अपनी विधानसभा को उपहारों के बोझ से लाद दिया। विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया। विभागों के स्टॉलों को देखा। सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चम्पावत के संकल्प, प्रतिबद्धता और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से जनपद में सड़क, जल निकासी, नागरिक सुविधाओं, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखण्ड एवं नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन, पर्यटन तथा सांस्कृतिक संबंधों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में ₹107.35 करोड़ की परियोजना पर कार्य गतिमान है। इस कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत ₹3,000 करोड़ से अधिक है। लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। DM मनीष कुमार, SP रेखा यादव, CDO अजय सिंह, ADM KN गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी इस मौके पर उपस्थित रहे। CM पुष्कर ने आज ही नैनीताल के बिन्दुखत्ता में जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति की तरफ से आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि दी। उनके परिजनों को सम्मानित किया।

उन्होंने बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने स्व. प्रहलाद के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय, स्टेडियम सहित अन्य प्रस्तावित विकास कार्यों को कराए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया। ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति गहरा लगाव दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और रचनाएं समाज को प्रेरित करती रहें।

PSD ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान यहाँ की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं से भी है। आधुनिकता के इस दौर में अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान तथा जीवन सिंह दानू को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, BJP के प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी, कुमाऊं के आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक (कुमाऊं) निवेदिता कुकरेती, DM ललित मोहन रयाल, SSP डॉ. मंजूनाथ TC भी इस मौके पर मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button