
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार का दिन बड़े मंगलपूर्वक गुजारा। उन्होंने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा साहिब, खटीमा (ऊधम सिंह नगर) में मत्था टेककर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। सिख समाज के लोगों से मुलाक़ात कर उनको प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उनके साथ बोले सो निहाल,सत श्री अकाल का नारा लगाया।




गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, रेसकोर्स (देहरादून) में आयोजित अखंड पाठ में भी वह पहुंचे और शीश नवाया। उन्होंने कहा कि सिख समाज की आस्था, सेवा और समर्पण की परंपरा हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समाज की आस्था और धार्मिक विरासत से जुड़े विषयों को विशेष महत्व मिला है। इसी का एक महत्वपूर्ण उदाहरण पवित्र श्री हेमकुंड साहिब जी तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे का निर्माण है, जिसके लिए ₹2,730 करोड़ से अधिक की स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार भी प्रदेश में स्थित गुरुद्वारों एवं सिख समाज से जुड़े धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के सम्मान, संरक्षण और सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास है कि उत्तराखंड की धार्मिक विरासत को नई पहचान मिले। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।
—


कार्तिक पूर्णिमा पर झनकईया, खटीमा (ऊधम सिंह नगर) में माँ शारदा के पवित्र तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गंगा स्नान मेले का उद्घाटन किया और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मेले में पहुंचकर जलेबी और सिंघाड़े की खरीदारी भी की। खुद भी जलेबी बनाने की कोशिश की।






उन्होंने इस मेले से बचपन की अनगिनत यादें जुड़ी होने का हवाला देते हुए कहा कि तब साल भर इस मेले का इंतजार रहता था। मेले की रौनक, यहां की चहल-पहल, जलेबी और सिंघाड़े का स्वाद और अपनों के साथ बिताए वे पल आज भी मन में बसे हैं। हमारे मेले, त्योहार, लोककला और लोकसंस्कृति हमारी गौरवशाली विरासत के अभिन्न अंग हैं।


उन्होंने कहा कि ये केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी पहचान और हमारी जड़ों से जुड़ने का माध्यम हैं। इस विरासत को संजोकर भावी पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने शारदा के तट पर शारदा घाट के निर्माण की घोषणा भी की।



–हरिद्वार पहुँच के उन्होंने गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष पर निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा का स्वागत करते हुआ कहा कि संत रविदास ने समाज को जाति-पाति और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस ने दशकों तक समाज को जातियों के गणित में उलझाकर बांटने की राजनीति की।


उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। उत्तराखंड में समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और हर वर्ग को समान अवसर एवं सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। समाज की प्रगति विभाजन में नहीं, बल्कि एकता, समानता और सबकी भागीदारी में निहित है।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट,कल्पना सैनी,मंत्री खजानदास,प्रदीप बत्रा, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी,स्वामी प्रबोधानंद गिरी, स्वामी यतीश्वानंद समेत अन्य साधु-संत उपस्थित रहे।



