उत्तराखंडदेशराजनीतिराष्ट्रीय

मंगलौर में CM पुष्कर ने की घोषणाओं की बौछार:गन्ना मूल्य इजाफा करने पर होगा गौर-PSD:लोगों में खूब जोश भरते रहे PSD

Chetan Gurung

तीर्थ और कुम्भ नगरी हरिद्वार के मंगलौर में CM पुष्कर सिंह धामी ने जन आशीर्वाद रैली में उपहारों के ऐलानों से क्षेत्र को लाद डाला। लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण की घोषणा भी इसमें शामिल रही। मुख्यमंत्री को क्षेत्र के लोगों की तरफ से गदा भेंट स्वरूप दी गई। पिछले विधानसभा चुनावों में कमजोर साबित हुई BJP और खास तौर पर मुख्यमंत्री इस बार धर्म नगरी को बहुत अधिक गंभीरता से ले कर कोई कोर कसर चुनाव के नजरिए से भी नहीं छोड़ते दिख रहे।

CM पुष्कर ने जन आशीर्वाद सभा के दौरान लोगों से बार-बार हाथ उठवा के जोश भरा और माहौल में गर्मी भरने की पूरी कोशिश की। गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल के निर्माण, मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध का निर्माण करने की घोषणा के साथ ही ट्यूबवेल के विद्युत बिल माफ करने के बारे में भी विचार करने और पहले इसका परीक्षण कराने का वादा किया।

मुख्यमंत्री ने गन्ना मूल्य में वृद्धि की मांग पर कहा कि इस वर्ष भी इस संबंध में निर्णय जल्द लेगी। पिछले साल भी गन्ना मूल्य बढ़ाया गया था।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मंगलौर क्षेत्र के किसान, व्यापारी, श्रमिक एवं छोटे उद्यमी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक कार्य किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण कराया गया है। क्षेत्र के 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ₹58 करोड़ से अधिक की लागत की 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है।

PSD ने कहा कि प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निःशुल्क की गई है। फार्म मशीनरी बैंक योजना के अंतर्गत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य सरकार ने सुशासन स्थापित करने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून एवं दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय में वृद्धि तथा मातृशक्ति का सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, नगर निगम रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा के विधायक मनमोहन भड़ाना, श्यामवीर सैनी, DM मयूर दीक्षित, SSP नवनीत सिंह भुल्लर, CDO डॉ. ललित नारायण मिश्र उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button