
Chetan Gurung
Chief Secretary आनंद बर्द्धन ने DMs को आज हिदायत दी कि वे अभियोजन से जुड़े मामलों को हल करने में रफ़्तार लाएं.मुजरिमों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए प्रभावी कार्यवाही करें. अभियोजन की प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाना है। इसके लिए सम्बन्धित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने इस सम्बन्ध में Standing Committee की बैठकें निर्धारित समय पर आयोजित न होने पर नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि बैठकें नियमित एवं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आयोजित की जाएं। अभियोजन से सम्बन्धित मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। बैठक सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। सभी जनपदों में जघन्य अपराधों के मामलों की भी समीक्षा की गई।
AB ने निर्देश दिए कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। जघन्य अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए. अभियोजन प्रक्रिया के दौरान सामने आ रही व्यावहारिक समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए. अपराधियों को सजा दिलाने के लिए अभियोजन की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को और बेहतर किया जाए।
उन्होंने कहा कि इसके लिए लंबित मामलों की नियमित समीक्षा के साथ-साथ प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महानिदेशक (सूचना) बंशीधर तिवारी ने `सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सभी जिलाधिकारियों को 15 सितम्बर, 2026 से 18 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 सितम्बर से 18 अक्टूबर, 2026 तक विभिन्न कार्यक्रम एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ‘भारत 2047’ कार्यक्रम के अंतर्गत 17 सितम्बर से 8 अक्टूबर, 2026 तक विकसित भारत एवं ‘भारत 2047’ विषय पर छात्र निबंध, चित्र एवं भाषण प्रस्तुत किए जाएंगे।
बंशीधर ने कहा कि जिला स्तर पर प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी. श्रेष्ठ चित्रों को एनिमेटेड लघु फिल्मों में सम्मिलित कर प्रदर्शित किया जाएगा। विद्यालयों में प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। 1 से 7 अक्टूबर, 2026 तक ‘हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज’ का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें युवाओं, स्टार्टअप्स एवं रिसर्चर्स को टेक्नोलॉजी, विकास एवं सोशल इनोवेशन सहित विभिन्न विषयों पर भारत के भविष्य के लिए समाधान तैयार करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
DG बंशीधर ने कहा कि ‘जन कल्याण संवाद’ के माध्यम से प्रौद्योगिकी, खेल, कला, विज्ञान एवं सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में प्रभावशाली व्यक्तियों को एक मंच पर लाया जाएगा। संवाद के माध्यम से समाज एवं दुनिया के प्रति उत्तरदायित्व की भावना का अन्वेषण किया जाएगा। इसके साथ ही 7 अक्टूबर, 2026 को ‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ के अवसर पर रिले मैराथन में पेशेवर एथलीटों के साथ आम नागरिक भी प्रतिभाग करेंगे। खेल प्रतियोगिता, साइकिलिंग तथा बाइक रैली का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु, L फ़ेनाई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विजय कुमार, चंद्रेश कुमार यादव, रविनाथ रमन, डॉ पंकज कुमार पांडेय, बृजेश कुमार संत, रणवीर सिंह चौहान, डॉ वी षणमुगम, युगल किशोर पंत, विनोद कुमार सुमन, राजेंद्र कुमार, धीराज सिंह गरब्याल एवं कमिश्नर (कुमाऊँ) दीपक रावत एवं कमिश्नर (गढ़वाल) आनन्द स्वरूप भी DMs के साथ VC में मौजूद थे।



