
Chetan Gurung
अफ्रीका की तंजानिया में स्थित सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट किलिमंजारो को उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही रियांश पंत और प्रिशा रावत ने अपने हौसलों और हिम्मत-कौशल से फतह कर डाली. CM पुष्कर सिंह धामी ने दोनों का आज अपने Camp Office में मिल के उत्साह बढ़ाया और शाबासी दी.

मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना उनके साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का परिचायक है। दोनों बच्चों ने अपनी इस उपलब्धि से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि दोनों की सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। 9 वर्षीय रियांश अल्मोड़ा के चीनाखान और 10 वर्षीय प्रिशा नैनीताल के बैलपड़ाव की रहने वाली हैं। दोनों ने 22 अगस्त 2026 को 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो चोटी पर तिरंगा फहराया था।
CM ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल एवं अन्य साहसिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।



