
Chetan Gurung
देहरादून: CM पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन पुलिस में आज स्मृति दिवस पर देश की आंतरिक सुरक्षा में प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित करने के दौरान कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा में पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शहीद पूरे देश का गौरव होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नई दिल्ली में राष्ट्र को समर्पित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक वीर जवानों के त्याग एवं साहस का प्रतीक है।





–पुलिस बल के सुदृढ़ीकरण के लिए आठ प्रमुख घोषणाएं: प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने तथा पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री धामी ने आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
- नई भर्तियां: उत्तराखण्ड पुलिस की विभिन्न इकाइयों में लगभग 1,600 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
- समीक्षा और आधुनिकीकरण: थानों एवं चौकियों में कार्मिकों की आवश्यकता के अनुसार पदों की संख्या की समीक्षा की जाएगी तथा विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराई जाएंगी।
- बजट में वृद्धि: थानों के आवश्यक कार्यों के लिए वार्षिक बजट को 4 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 8 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
- बुनियादी ढांचे का विकास: प्रदेश के सभी पुलिस मॉडर्न स्कूलों में सुधार, देहरादून में पुलिसकर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल व मल्टी-स्टोरी बैरक का निर्माण और पुलिस अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
- साइबर सुरक्षा एवं एंटी-नार्कोटिक्स: ‘ड्रग फ्री उत्तराखण्ड’ के संकल्प को पूरा करने के लिए त्रिस्तरीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है। लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से ‘स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर’ का निर्माण कार्य गतिमान है।
- महिला सुरक्षा: महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क के अंतर्गत क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है।
- कल्याणकारी योजनाएं: पुलिस आवास संतुष्टि दर को 18% से बढ़ाकर 22% किया गया है, जिसे 30% तक पहुंचाने का लक्ष्य है। पुलिसकर्मियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा और तनाव प्रबंधन के लिए नियमित कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया है।
- उत्कृष्ट उपलब्धियां: इस वर्ष लगभग 5 करोड़ कांवड़ यात्रियों और चारधाम यात्रा में 60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में पुलिस का योगदान सराहनीय रहा है। उत्तराखण्ड पुलिस का प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर्स’ के लिए नामित होना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
- इस अवसर पर हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, मंत्री खजान दास, MP नरेश बंसल,मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ,गृह सचिव शैलेश बगौली,DG PVK प्रसाद उपस्थित रहे।



