काँवड़ पर CM पुष्कर की हिदायत,`मानक से ऊंची काँवड़-DJ पर सख्ती रहें-VIPs के लिए श्रद्धालुओं की यात्रा में अड़चन नहीं आए’:DMs-SSPs को सख्त ताकीद,`तत्काल समाधान निकाल करें कार्यवाही’ काँवड़ यात्रा से कुम्भ की तैयारियों पर असर न पड़े-PSD

Chetan Gurung
इसी महीने 30 जुलाई से शुरू होने वाली काँवड़ यात्रा का असर अगले साल की शुरुआत में होने वाले हरिद्वार कुम्भ मेले की तैयारियों पर न पड़ने देने और VIP Movement के चलते श्रद्धालुओं की यात्रा में अड़चन न आने देने के निर्देश CM पुष्कर सिंह धामी ने अफसरों को बैठक में आज दिए। उन्होंने मानक से अधिक ऊंची काँवड़ और DJ की ध्वनि पर भी सख्ती से कार्यवाही करने के लिए कहा।




मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे। हर विभाग अपनी ज़िम्मेदारी ढंग से निभाएँ। श्रद्धालुओं के स्वागत-सत्कार तथा विभिन्न स्थानों पर भंडारों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा। महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग से पर्याप्त संख्या में साफ-सुथरे पिंक टॉयलेट्स स्थापित हों। ऐसी व्यवस्था राज्य के सभी प्रमुख स्थलों पर की जाए। हरिद्वार में मेला नियंत्रण भवन सभागार में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य ‘सुरक्षित कांवड़, सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़’ होना चाहिए। प्रत्येक श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखण्ड से सुरक्षित, संतुष्ट और सुखद अनुभव के साथ लौटे, यही राज्य सरकार का ‘विकल्प रहित संकल्प’ है।
उन्होंने कहा कि PM नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विभिन्न प्रकार की वैश्विक चुनौतियों के बावजूद तमाम क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उत्तराखण्ड में भी प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारियों, धर्माचार्यों एवं संत समाज के सहयोग से कांवड़ मेले का सफल संचालन और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। धर्माचार्यों एवं संतों के संदेशों पर आधारित वीडियो संदेश तैयार कर कांवड़ यात्रियों तक पहुंचाए जाएं। यात्रा अनुशासित एवं मर्यादित ढंग से आयोजित करने के लिए उनकी हर मुमकिन मदद ली जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। पूरे मेला क्षेत्र में CCTV कैमरों, ड्रोन एवं AI आधारित निगरानी प्रणाली का प्रभावी उपयोग किया जाए। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने अथवा भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। यात्रा के दौरान ट्रैफिक प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
PSD ने कहा कि कांवड़ यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों के लिए आवश्यकतानुसार अलग-अलग यातायात व्यवस्था बनाई जाए। किसी भी स्थिति में VIP Movement के कारण श्रद्धालुओं की यात्रा में अड़चन नहीं आनी चाहिए। सभी प्रमुख पड़ावों एवं मेला क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, चिकित्सक एवं पैरा मेडिकल स्टाफ उपलब्ध रहे। प्रमुख घाटों पर वाटर एंबुलेंस तैनात हों। SDRF-NDRF-जल पुलिस तथा अग्निशमन सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा जाए।
उन्होंने कहा कि भारी वर्षा, जलभराव अथवा अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पूर्व तैयारी एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। होटलों, ढाबों एवं प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए। सभी प्रतिष्ठानों पर लाइसेंस एवं पंजीकरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होना चाहिए। चौबीसों घंटे कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन पूरी तरह सक्रिय रहें। DMs और SSPs व्यवस्थाओं की समीक्षा रोजाना कर किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।
CM पुष्कर ने हर की पैड़ी, कांगड़ा पुल एवं अन्य प्रमुख घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रखने तथा आगामी महाकुंभ-2027 की तैयारियों में काँवड़ यात्रा के चलते व्यवधान न आने देने के लिए हिदायत देते हुए कहा कि दोनों व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय रहना चाहिए। बैठक में मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, दायित्वधारी विनय रोहिला ने भी सुझाव पेश किए।
विधायक आदेश चौहान, अध्यक्ष, जिला पंचायत किरण चौधरी, मेयर, हरिद्वार किरण जैसल, मेयर, रुड़की अनीता अग्रवाल, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, भाजपा के जिलाध्यक्ष हरिद्वार आशुतोष शर्मा, जिलाध्यक्ष रुड़की डॉ. मधु, गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, व्यापार मंडल हरिद्वार के महामंत्री प्रदीप कालड़ा सहित अन्य जन-प्रतिनिधियों ने सुझाव दिए।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप एवं पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप, हरिद्वार के DM मयूर दीक्षित एवं SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देहरादून के DM आशीष चौहान,SSP प्रमेन्द्र डोबाल, पौड़ी की DM स्वाति भदौरिया एवं SSP सर्वेश पंवार, टिहरी की जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने भी अपने-अपने जिलों में कांवड़ मेला को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु,L फैनई व डॉ R मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, पंकज पाण्डे, विनय शंकर पांडेय, विनोद कुमार सुमन, धीराज सिंह गर्ब्याल, DGP दीपम सेठ, DG (Intelligence) अभिनव कुमार, आयुक्त (गढ़वाल) आनंद स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल) राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक (कुंभ मेला) योगेंद्र सिंह रावत, मेलाधिकारी (कुंभ) सोनिका, SSP (कुंभ) आयुष अग्रवाल,DG (सूचना) बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।



