
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी ने आज समाज कल्याण विभाग के अफसरों को ताकीद की कि वे महकमे की सभी योजनाएं मौजूदा जरूरतों के मद्देनजर नहीं बल्कि आने वाले 25 वर्षों की चुनौतियों व जरूर्ताओं को ध्यान में रखकर तैयार करें। योजनाएं ऐसी हों जो समय के साथ निरंतर प्रभावी बनी रहें। साथ ही अन्य राज्यों के लिए भी ‘Best Practice’ और मिसाल साबित हों।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि बाबू जगजीवन राम बालक छात्रावास, डोईवाला (देहरादून), बाबू जगजीवन राम बालक छात्रावास, पाइनस (नैनीताल) तथा बाबू जगजीवन राम बालिका छात्रावास, सोमेश्वर (अल्मोड़ा) के निर्माण कार्य हर हाल में अक्टूबर माह तक पूर्ण किए जाएं। अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को शीघ्र बेहतर आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का इंटीग्रेशन किया जाए। उनके क्रियान्वयन एवं निर्माण कार्यों में वित्तीय प्रबंधन और संसाधनों के प्रभावी उपयोग का विशेष ध्यान रखा जाए। 60 वर्ष की आयु पूर्ण करते ही पात्र नागरिक स्वतः वृद्धावस्था पेंशन के दायरे में आ जाएं।उन्हें किसी प्रकार की अनावश्यक प्रक्रिया से न गुजरना पड़े। समय पर पेंशन का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने शासकीय आवास सभागार में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं की माह जून-2026 की देय पेंशन राशि का DBT (वन क्लिक) के माध्यम से हस्तांतरण किया। उन्होंने 9,80,950 लाभार्थियों को लगभग ₹145 करोड़ 42 लाख की पेंशन राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान प्रत्येक पात्र नागरिक का अधिकार है। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास भी मौजूद थे। खजानदास ने CM पुष्कर से अलग से भी उनके आवास पर मुलाक़ात कर उनको गुलदस्ता भेंट किया। उनके 5 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों पर बधाई दी।



