
Chetan Gurung
पौड़ी के सतपुली में झील बनेगी। CM पुष्कर सिंह धामी ने इस 54 करोड़ रुपये की लागत वाले इस झील का शिलान्यास करते हुए कहा कि इस परियोजना से युवाओं के लिए रोजगार के नए फाटक खुलेंगे। उन्होंने पौड़ी को 172.65 करोड़ रूपये की योजनाओं का लोकरपन-शिलान्यास किया। सतपुली में पूर्वी नयार नदी में झील का निर्माण किया जाएगा। ये बहुउद्देशीय होगी।
मुख्यमंत्री ने विकासखण्ड बीरोंखाल के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज भरोली खाल व बीरोंखाल में नवीन भवन का निर्माण कराए जाने, विकासखण्ड एकेश्वर व कल्जीखाल के मध्य नयार पाटीसैण व असवालस्यूँ के मध्य पश्चिमी नयार नदी के ऊपर मोटर पुल निर्माण कराए जाने, विकासखण्ड एकेश्वर मुख्यालय में मिनी स्टेडियम का निर्माण , रवांसा नदी के ऊपर निर्मित पीपलडोंगा पुल से 500 मीटर ऊपर की ओर बैराज का निर्माण, ताड़केश्वर महादेव में पुलिस चौकी की स्थापना की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदार की भूमि से 21वीं सदी का यह तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक बताया था। इस कार्य की शुरुआत हो चुकी है। प्रदेश में सड़क, हवाई कनेक्टिविटी के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास किया जा रहा है। पर्यटन क्षेत्र में वृहद स्तर पर निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं।
CM ने कहा कि सरकार पलायन की समस्या को जड़ से समाप्त करने की दिशा में निरंतरता से कार्य कर रही है। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय उद्योगों में भी युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। मातृशक्ति के हाथों तैयार उत्पाद आज बड़ी-बड़ी कंपनियों को भी फेल कर रहे हैं। उनकी डिमांड विदेशों तक होने लगी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 5000 एकड़ से अधिक भूमि से अतिक्रमण हटाया है। साल-2025 के जनवरी में प्रदेश में UCC लागू की जाएगी। सख्त भू कानून भी लाया जा रहा है। चौबट्टाखाल की विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया। मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं से क्षेत्र के विकास को पंख लगेंगे।
इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र अंथवाल, विधायक (लैन्सडौन) दिलीप महंत, विधायक (पौड़ी) राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह भी मौजूद रहे।