वाल्मीकि के समाज में भेदभाव के लिए कोई जगह नहीं थी-CM पुष्कर:प्रकटोत्सव में हुए शरीक

CM पुष्कर सिंह धामी आज देहरादून में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर आयोजित शोभा यात्रा में शरीक हुए और ऐलान किया कि विभिन्न विभागों में कार्यरत पर्यावरण मित्रों के मानदेय को बढ़ाया जाएगा। इसके लिए शीघ्र बैठक आयोजित की जाएगी। वाल्मीकि के समाज में सामाजिक भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं था।



मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि का जिक्र करते हुए कहा कि उनका जीवन सिखाता है कि अच्छे विचारों और कर्मों से व्यक्ति, अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है। व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके ज्ञान, कर्म और समाज के प्रति उसके योगदान से होती है। उन्होंने ऐसे समाज के निर्माण की प्रेरणा दी, जहां भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं है।
पुष्कर ने कहा कि रामायण हमें धर्म के मार्ग पर चलने के साथ प्रेम, समानता, बंधुत्व और मानवीय गरिमा का सम्मान करना भी सिखाती है। ये बताया कि व्यक्ति की पहचान उसकी जाति या सामाजिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसके विचारों, कर्मों और समर्पण से होती है। सनातन संस्कृति ने हमेशा सम्मान करने और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं समरसता बनाए रखने का संदेश दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश, सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वंचित, शोषित, पीड़ित समाज के उत्थान के लिए अनेकों कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को कक्षा 1 से 12 तक छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। अटल आवास योजना को पुनः प्रारंभ कर आवासहीन अनुसूचित वर्ग के परिवारों को घर बनाने के लिए ₹1 लाख 20 हजार की सहायता देने की व्यवस्था भी की है।
PSD ने कहा कि सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनुसूचित जाति के युवक या युवती से अंतरजातीय विवाह करने पर ₹50 हजार की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा रही है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए भी ₹50 हजार की सहायता दी जा रही है। राज्य सरकार का प्रयास प्रदेश में विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत भी मजबूत करने का है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राचीन परंपराएं नई पीढ़ी तक पहुंचनी चाहिए और समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, अध्यक्ष महानगर (BJP) सिद्धार्थ अग्रवाल, श्याम अग्रवाल, नगर आयुक्त आलोक पांडे भी मौजूद रहे।



