
Chetan Gurung
रुद्रप्रयाग में चार धाम सड़क परियोजना के अंतर्गत निर्मित पुल एवं सुरंग परियोजना का CM पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर देखा और कहा कि जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा। ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान के अंतर्गत संगम लाइब्रेरी को भी देखा। Road को बतौर Trial आज खोल दिया गया। वह नई सड़क पर मंत्री भरत सिंह चौधरी के साथ चले भी।


लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से अलकनंदा नदी पर 200 मीटर लंबे पुल और 900.30 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया गया है। पुल, सुरंग और संपर्क मार्ग सहित इस परियोजना की लंबाई लगभग 1.18 किलोमीटर है। यह महत्वपूर्ण परियोजना केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-107) को बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-07) से सीधे जोड़ेगी।


पुल-सुरंग मार्ग पर आज से ट्रायल के तौर पर Traffic चालू कर दिया गया है। मार्ग पर नियमित यातायात शुरू होने के बाद केदारनाथ और बदरीनाथ धाम जाने वाले तीर्थयात्रियों को रुद्रप्रयाग बाजार से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे यात्रा के दौरान नगर में यातायात का दबाव कम होगा। स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
पुष्कर ने कहा कि चार धाम यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बेहतर सड़क संपर्क और आधुनिक अवसंरचना के विकास से श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलने के साथ ही स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे ढलान सुरक्षा एवं स्थिरीकरण कार्यों की भी जानकारी ली।
संगम लाइब्रेरी के बारे में DM विशाल मिश्र ने बताया कि अभियान को जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है। अभियान के अंतर्गत संगम पुस्तकालय को 2,500 से अधिक पुस्तकें प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें प्रतियोगी परीक्षाओं, सामान्य ज्ञान, साहित्य तथा विभिन्न विषयों की उपयोगी पुस्तकें शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने भी इस अभियान में 150 पुस्तकें उपलब्ध कराकर अपना योगदान दिया है।
इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, सीमांत क्षेत्र अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट,CDO राजेंद्र सिंह रावत, SDM सोहन सिंह सैनी उपस्थित थे।



