
Chetan Gurung
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र (रानीखेत) में आज शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही सैनिकों और अग्निवीरों का जोश बढ़ाया। केंद्र में प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं, आधुनिक हथियारों एवं वीर नारियों के कल्याण की गतिविधियों का जायजा भी लिया।





मुख्यमंत्री पुष्कर ने सैन्य अधिकारियों एवं सैनिकों के परिवारजनों से भेंट की। सैनिकों एवं अग्निवीरों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना पहले से अधिक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनी है। आज हमारी सेना दुश्मनों की गोलियों का जवाब गोलों से देकर देश की सीमाओं की मजबूती से रक्षा कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों तथा अमर बलिदानियों के आश्रितों के सम्मान और कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेंशन एवं आर्थिक सहायता सुनिश्चित की जा रही है।



