
Chetan Gurung
रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रक्षा सूत्र राखी बाँधने के लिए आज चम्पावत के रामलीला मैदान धूरा में ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ के दौरान महिलाएं उमड़ पड़ीं. उनसे राखी बंधवाने के साथ ही CM पुष्कर ने दिली ख्वाहिश जताई कि वह लखपति दीदी बनी महिलाओं को अब करोड़पति दीदी के तौर पर देखना चाहते हैं. अपनी विधानसभा चम्पावत के सर्वांगीण विकास पर ₹62.97 करोड़ खर्च करने का ऐलान करते हुए 50 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।








CM पुष्कर ने अपने हर अंदाज से ये जतला दिया कि वह जमीन से जुड़े और आम ग्रामीणों से कतई जुदा नहीं हैं।
—————–
मुख्यमंत्री पुष्कर ने आज आम लोगों और खास तौर पर कुमायूं के ग्रामीणों का दिल जीतने का हर वह जतन बेहद शिद्दत और असरदार अंदाज में किया, जो हर सियासतदां करना तो चाहते हैं लेकिन सब के वश का नहीं होता है। PSD ने धान कूटे-पकवान तले-चक्की पीसी। महिलाएं उनकोअपने साथ जमीन पर ही बैठ के ये सब करते हुए मुख्यमंत्री को देख के हैरान और खुश नजर आ रही थीं। PSD ने उनसे बातचीत कुमाऊँनी बोली में ही कर के उनके दिल जीते।
उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्थान धूरा में पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग, ग्राम पंचायत ककनई के तोक बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क, भागिना भंडारी में मुख्य सड़क से राजकीय इंटर कॉलेज एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग व इंटरलॉकिंग टाइल्स, धन एवं बस्तियागूंठ के विभिन्न मंदिरों का सौंदर्यीकरण करने की घोषणा की.आमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी, बुडम, झालाकुड़ी, नौलापानी एवं बस्तियागूंठ के मास्वाड तोक सहित विभिन्न क्षेत्रों में भूकटाव एवं बाढ़ सुरक्षा के लिए वायरक्रेट कार्य, ग्राम पंचायत पोथ के लदिया नदी में झूला पुल के निर्माण की घोषणा भी की.


पुष्कर ने दियूरी से चौड़ा तक सड़क का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई हेतु नलकूप, सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग में हॉटमिक्स तथा बुडम के कठोल में झूला पुल निर्माण करने का भी ऐलान किया.मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अपनी बहनों, माताओं, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। उन्होंने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान केवल हिमालयी चोटियों और प्राकृतिक सौंदर्य से नहीं, बल्कि यहां की मेहनती, साहसी और आत्मनिर्भर मातृशक्ति से भी है। महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल सरकारी योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि महिलाओं को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाकर परिवार एवं समाज के निर्णयों में भागीदार बनाना है। सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्वावलंबन के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
CM PSD ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लखपति दीदी बनने के बाद प्रदेश की माताएं-बहनें आगे बढ़कर करोड़पति बनें। उन्होंने विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग के स्टॉल में उन्होंने छोटी बच्चियों के साथ केक काटकर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, DM मनीष कुमार, SP रेखा मौजूद रहे।



