
Chetan Gurung
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ के अंतर्गत उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से Virtual संवाद करने के साथ ही ऐलान किया कि WSHG को अपने उत्पाद बेचने के लिए अधिक समय के साथ बेहतर बाजार मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने स्टॉलों का उद्घाटन किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष से रक्षाबंधन के 15 दिन पूर्व ही ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ शुरू किया जाएगा। इसे पखवाड़े के रूप में आयोजित किया जाएगा। इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए अधिक समय और बेहतर बाजार उपलब्ध होगा। उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। महिलाओं ने ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
महिलाओं ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों से उन्हें आजीविका के नए अवसर मिल रहे हैं। वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उनके स्थानीय उत्पादों को भी व्यापक बाजार और नई पहचान मिल रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन स्टॉलों से खरीदारी कर महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
CM पुष्कर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को देश के विकास का प्रमुख आधार बनाया गया है। उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और लखपति दीदी अभियान जैसी योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ की शुरुआत इस उद्देश्य से की थी कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के गुणवत्तापूर्ण स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार, उचित मूल्य और नई पहचान मिले।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह कार्य कर रहे हैं। इनसे 5 लाख 20 हजार से अधिक ग्रामीण परिवार जुड़े हुए हैं। इन समूहों को मजबूती प्रदान करने के लिए 8 हजार से अधिक ग्राम संगठन और 615 क्लस्टर लेवल फेडरेशन भी कार्य कर रहे हैं। SHG के उत्पादों के लिए मजबूत विपणन व्यवस्था विकसित की जा रही है। प्रदेश में 49 ग्रोथ सेंटर, 17 सरस सेंटर, 33 नैनो पैकेजिंग यूनिट और 8 बेकरी यूनिट स्थापित की गई हैं। यात्रा मार्गों पर 110 बिक्री केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
PSD की प्रेरणा से शुरू किया गया ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को ‘लोकल टू ग्लोबल’ की पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बन रहा है। स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को ई-कॉमर्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा जा रहा है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु, सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव झरना कमठान, अनुराधा पाल, CDO (देहरादून) अभिनव शाह एवं वर्चुअल माध्यम से सभी जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी उपस्थित थे।
—


–मुख्यमंत्री को महिलाओं ने बांधी राखी–
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आज मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में जनता मिलन के अवसर पर प्रदेश भर से आई महिलाओं ने राखी बांधी और उनकी लंबी तथा स्वस्थ जीवना की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए रक्षा बन्धन की शुभकामनाएं दी।



