BPCL Hospital केदारनाथ श्रद्धालुओं के लिए अर्पित:CM पुष्कर ने कहा,`स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करना सरकार की प्राथमिकता में शामिल’

Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी ने आज केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड हॉस्पिटल लोगों की सेवा में अर्पित कर दिया। यह अस्पताल स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी संचालित करेगा।


मुख्यमंत्री पुष्कर ने कहा कि राज्य सरकार श्री केदारनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा। यह अस्पताल श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दे रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। राज्य सरकार ने आयुष्मान योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किया है।
CM ने कहा कि राज्य के प्रत्येक जनपद में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना भी की। विधायक आशा नौटियाल,BPCL CMD संजय खन्ना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिक तोमर, भी उनके साथ उपस्थित रहे।



