Chetan Gurung
पुष्कर सरकार ने बदरीनाथ धाम को Spiritual Hill Town के तौर पर विकसित करने का फैसला किया है। इसकी योजना तैयार की जा रही है। CM पुष्कर सिंह धामी ने आज के सचिवालय में पर्यटन विभाग के अधिकारियों संग बैठक में इस योजना के Master Plan की ताजा रिपोर्ट ली। सचिव (पर्यटन) धीराज गर्ब्याल ने Presentation दिया।
धीराज ने बताया कि बदरीनाथ को आध्यात्मिक Smart Hill Town बनाने के लिए बहु-आयामी और चरणबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य तीर्थयात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ दिव्य और व्यवस्थित अनुभव प्रदान करना है। क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थलों को विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है।
देव दर्शनी प्वाइंट को इस प्रकार तैयार किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को यहां से श्री बदरीनाथ धाम के प्रथम दर्शन एक भव्य और दिव्य रूप में प्राप्त हो सकें। बद्रीनारायण चौक को प्रमुख आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। बदरीनाथ धाम में ISBT Wall पर स्थानीय कला एवं धार्मिक विषयों पर आधारित भित्ति चित्रों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
Plan में भगवान विष्णु से जुड़े प्रतीकों को भी प्रमुखता दी गई है। भगवान राम एवं कृष्ण पर आधारित रामायण एवं महाभारतकालीन प्रतीकों का समावेश भी किया गया है। दिया आरती स्थल के विकास की योजना भी तैयार की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि Master Plan में सभी आवश्यक प्रावधान सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने स्थानीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों के माध्यम से बदरीनाथ में आध्यात्मिक वातावरण सुदृढ़ होगा और पर्यटन को भी नई दिशा दी जा सकेगी। बदरीनाथ एक ऐसे आदर्श स्थल के रूप में स्थापित होगा, जहां आस्था, आधुनिकता और प्रकृति का संतुलित संगम देखने को मिलेगा। सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, संयुक्त सचिव अनिल जोशी भी बैठक में मौजूद थे।



