
Chetan Gurung
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को टिहरी में कांगुड़ा नागराज मंदिर पुनर्स्थापना जागरण समारोह में शिरकत करने के साथ ही भगवान कांगुड़ा नागराज की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया.उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधा रोपण भी किया। लोगों से स्नेह और प्रेम से मिले.
मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित मंदिर में भगवान कांगुड़ा नागराज के प्राण प्रतिष्ठा के दौरान कहा कि कांगुड़ा का पर्यटन एवं धार्मिक विकास करने की घोषणा जल्द ही पूरी होगी। लगभग 2 करोड़ रूपये की DPR को जल्द स्वीकृति दी जाएगी। क्षेत्र का विकास मास्टर प्लान बनाकर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में आधुनिक गेस्ट हाउस, 30 हजार लीटर क्षमता का पेयजल स्टोरेज टैंक, मंदिर परिसर पहुंच मार्ग में टीन शेड, हाई मास्क के कार्य किए जाएंगे। राज्य सरकार देवभूमि के धार्मिक और सांस्कृतिक विकास को नई ऊंचाईयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र के विकास से संबंधित मांग पत्र सौंपा. मुख्यमंत्री ने कहा कि छाम-बल्डोगी झूला पुल की मांग सहित कई प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। छाम-बल्डोगी झूला पुल के लिए रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। वह बच्चों-युवाओं और बुजुर्गों से भी मिले और उनके साथ तस्वीरें खिंचवा के उनको खुश किया.
धनौल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। राज्य आन्दोलन कारियों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता लाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लाया गया है। इस अवसर पर विधायक (राजपुर) खजान दास, प्रदेश महामंत्री (भाजपा) आदित्य कोठारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (युवा मोर्चा) नेहा जोशी, मंदिर समिति अध्यक्ष दिलबर सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और SSP नवनीत सिंह भुल्लर उपस्थित थे।