
Chetan Gurung
नई दिल्ली: केंद्र सरकार के सहयोग और मदद से CM पुष्कर सिंह धामी की कोशिशों और गुजारिशों पर अमल के चलते उत्तराखंड के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से आज मुलाकात कर इनसे जुड़े अहम प्रस्तावों पर चर्चा की। इस दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण (PMGSY-IV) के तहत उत्तराखंड में 315 मोटर मार्गों और 32 सेतुओं के निर्माण से जुड़े 2708 Cr के प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने पर सकारात्मक सहमति बनी। इन पर क्रियान्वयन से राज्य के गावों की रंगत और सूरत बहुत हद तक बदल जाएगी।

—2708 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों और पुलों का निर्माण–
मुख्यमंत्री पुष्कर ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक चुनौतियों और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण संपर्क को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। इस योजना के तहत राज्य में कुल 1,777 किलोमीटर लंबे 315 मोटर मार्गों का निर्माण 2,526 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
32 सेतुओं के निर्माण पर 182 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कुल 2,708 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से प्रदेश की 610 बसावटों को मुख्य सड़क मार्ग से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है।
–दूरदराज के क्षेत्रों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार–
बेहतर सड़क संपर्क स्थापित होने से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों का आवागमन सुगम होगा। इससे विद्यार्थियों के लिए शिक्षण संस्थानों तक पहुंचना, मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेना और किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाना आसान हो जाएगा। सड़क सुविधा बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन, स्वरोजगार और स्थानीय आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे. समग्र और समावेशी विकास को गति मिलेगी।
—213 अतिरिक्त सड़क प्रस्तावों पर भी होगा विचार–
मुख्यमंत्री ने राज्य की अतिरिक्त आवश्यकताओं को रखते हुए 1,360 किलोमीटर लंबाई के 213 अन्य सड़क प्रस्तावों को भी जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री शिवराज ने इन अतिरिक्त प्रस्तावों पर भी शीघ्र विचार करने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री धामी ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के समर्थन से उत्तराखंड के विकास को निरंतर नई ऊंचाइयां मिल रही हैं।



