
Chetan Gurung
काशीपुर: CM पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को काशीपुर में विधानसभा प्रभारी वर्ग एवं इस विस्तारक योजना वर्ग के समापन सत्र में कहा कि PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के आपसी समन्वय से प्रदेशभर में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है. आम लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं।






कार्यक्रम में BJP के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) BL संतोष, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज और प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में पारदर्शी व्यवस्था और कानून का राज कायम करने के लिए कई ऐतिहासिक और कड़े निर्णय लिए हैं।
इनमें समान नागरिक संहिता (UCC) को आगे बढ़ाना, देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू करना, धर्मांतरण के खिलाफ कड़े कानूनी प्रावधान और सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण को हटाना शामिल है। इन सभी फैसलों से राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है. युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
PSD ने कहा कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की भौगोलिक विशिष्टताओं को ध्यान में रखते हुए नीतियां बनाई जा रही हैं। विपक्ष के मुद्दों पर दो टूक कहा कि लोकतंत्र में हर बात का जवाब तथ्यों और प्रमाणों के साथ दिया जाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर बयानबाजी से बचने की नसीहत दी। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों और बूथ स्तर पर सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने के लिए कहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोगात्मक प्रयासों से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने का ‘विकल्प रहित संकल्प’ निश्चित रूप से पूरा होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार की हर सोच और निर्णायक कदम में सिर्फ अवाम और जन सामान्य का हित जुड़ा रहता है।



