
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष का Record कालखंड जनकल्याण, सुशासन, सेवा, गरीब कल्याण और जन-जन के उत्थान को समर्पित रहा है। 7 अक्टूबर 2026 को वह प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के अहम ओहदों की जिम्मेदारियों पर रहते हुए 25 वर्ष भी पूरा करेंगे।


मुख्यमंत्री ने BJP के प्रदेश मुख्यलाय पर पत्रकारों से कहा कि जनता ने 2014, 2019 और 2024 में लगातार तीन बार अपना आशीर्वाद PM मोदी को देकर साबित किया कि देश अब नारे नहीं, बल्कि काम पर वोट देता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास से भरा, सुरक्षित और विश्व में सम्मानित राष्ट्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में योजनाएं कागजों पर बनती थीं। मोदी सरकार में योजनाएं जमीन पर उतरती हैं। कांग्रेस ने दशकों तक गरीबी हटाने के नारे दिए। प्रधानमंत्री मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया। कांग्रेस के समय भ्रष्टाचार व्यवस्था का हिस्सा था। आज सरकार ने DBT के माध्यम से 4.31 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाने का कार्य किया है। आज दिल्ली या देहरादून से ₹1 निकलता है, तो वह लाभार्थी तक पूरा ₹1 पहुंचता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर ने कहा कि कांग्रेस वर्षों तक राम मंदिर के प्रश्न को टालती रही और रामसेतु को काल्पनिक बताती रही। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण पूरा हुआ। मोदी सरकार की नीति संतुष्टिकरण की है। कांग्रेस की नीति तुष्टिकरण की रही है। प्रधानमंत्री की प्राथमिकता है कि देश का किसान आगे बढ़े। तीसरी बार शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री का पहला हस्ताक्षर किसान सम्मान निधि की फाइल पर था। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान और 11 करोड़ माताओं-बहनों को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है।
CM PSD ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि भी है। देश की सुरक्षा में खड़ा हर पांचवां सैनिक देवभूमि उत्तराखंड का है। नया भारत आतंकवाद का जवाब घर में घुसकर देता है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक ने दुनिया को भारत की नई कार्यशैली का परिचय कराया है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय सेना ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी ठिकानों को नष्ट किया। नक्सलवाद सिमट रहा है। विकास का दायरा लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2014 में देश में प्रतिदिन 11 किलोमीटर सड़क का निर्माण होता था। आज 34 किलोमीटर से अधिक सड़कें प्रतिदिन बन रही हैं। वंदे भारत ट्रेनें, अटल टनल, चेनाब ब्रिज और आधुनिक रेलवे स्टेशन नए भारत की पहचान बन चुके हैं। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार बन चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके मार्गदर्शन में उत्तराखंड में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं संचालित हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाओं ने देवभूमि को वैश्विक आध्यात्मिक मानचित्र पर स्थापित किया है। चार धाम यात्रा में अब तक 35 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। आदि कैलाश यात्रा में इस वर्ष अब तक 40 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। चार धाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर से कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी परिवर्तन आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि SDG इंडेक्स और निर्यात तैयारी सूचकांक में उत्तराखंड का प्रथम स्थान प्राप्त करना डबल इंजन सरकार की सफलता का प्रमाण है। प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से आध्यात्मिक और भावनात्मक संबंध है। बीते कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री ने 28 से अधिक बार उत्तराखंड का दौरा किया है। कांग्रेस के समय सीमांत गांव खाली हो रहे थे। आज वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से वहां विकास और लोगों की उम्मीदें फिर से लौट रही हैं। कांग्रेस 60 वर्षों में जो कार्य नहीं कर पाई, वह प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 12 वर्षों के कार्यकाल में कर दिखाया है। आज देश और उत्तराखंड दोनों एक ही विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
CM पुष्कर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर उसे पूर्ण रूप से भारतीय संविधान के दायरे में लाया गया। मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए तीन तलाक की प्रथा को समाप्त किया गया। पड़ोसी देशों में प्रताड़ित अल्पसंख्यकों को भारतीय नागरिकता देने का प्रावधान लागू किया गया। इससे उत्तराखंड के रुद्रपुर में रहने वाले अनेक हिंदुओं को भी भारतीय नागरिकता प्राप्त हुई। UPI,Digital भुगतान और ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार से भारत विश्व में डिजिटल भुगतान का अग्रणी देश बना है। देश में एक राष्ट्र, एक कर व्यवस्था लागू की गई। कोविड काल में स्वदेशी वैक्सीन का निर्माण किया गया।
उन्होंने कहा कि देश में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, नए एयरपोर्ट, रेलवे के आधुनिकीकरण तथा मेक इन इंडिया के तहत रक्षा उत्पादन में वृद्धि के साथ स्वदेशी विमानवाहक पोत INS विक्रांत का निर्माण किया गया है। भारत शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मंत्री खजान दास, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान मौजूद थे।



