उत्तराखंडदेशराजनीतिराष्ट्रीय

युवा-Gen-Z बहुत समझदार:17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान:नागरिकों को जोड़ा जाएगा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से-CM पुष्कर

11 प्रमुख कार्यक्रम:हर जिले में प्रभारी मंत्री रहेंगे मौजूद: सेवा, संवाद और नवाचार बनेगा मूल मंत्र

Chetan Gurung

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में मंत्रिमंडल बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि युवा और Gen-Z बेहद Smart और समझदार है। सरकार उनके सुझावों और विचारों को न सिर्फ सम्मान देती है बल्कि उस पर अमल भी करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 17 सितंबर से PM नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा जो 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार के माध्यम से विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में प्रत्येक देशवासी की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसमें युवाओं की भागीदारी सबसे अहम रहेगी। प्रधानमंत्री की मन भूमि देवभूमि उत्तराखंड है और उनका राज्य से विशेष लगाव है। उन्होंने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, जिसे इस अभियान से गति दी जाएगी।

अभियान के तहत कुल 11 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से आए वास्तविक बदलाव और लाभार्थियों की कहानियों को प्रमुखता से सामने लाया जाएगा।

–ये होंगे मुख्य कार्यक्रम–

आशीर्वाद का दीया:सरकारी योजना केंद्रों, राशन दुकानों, गैस केंद्रों, धार्मिक स्थलों और गंगा तटों पर दीप प्रज्वलन और सामूहिक कार्यक्रम होंगे।

मेरे सपनों का भारत: स्कूल-कॉलेजों में विकसित भारत पर चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी।

नमो सेवा-अनकही कहानियां:देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का मंचन, जबकि आंगन मिलन सेवा के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर कार्यक्रम होंगे।

सेवा ज्योति कलश यात्रा:प्रमुख चौराहों पर विकसित भारत कलश की स्थापना और साइकिल-बाइक यात्रा निकाली जाएगी।

सेवा: मेरा योगदान:नागरिकों को वृक्षारोपण, स्वच्छता और शिक्षण जैसी समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

सेवा सेतु:जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार के तहत बहुउद्देशीय और स्वास्थ्य शिविर लगेंगे, जिसमें केंद्र और राज्य दोनों की योजनाएं शामिल होंगी।

इसके साथ सेवा रंग राष्ट्र के संग के तहत रंगोली से विकसित भारत का विजन दिखाया जाएगा। सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज में IIT, IIM के सहयोग से नवाचारों को बढ़ावा दिया जाएगा।  सुशासन सेवा संवाद के तहत जनप्रतिनिधियों से व्यापक संवाद होगा।

CM पुष्कर ने कहा कि यह अभियान केवल उपलब्धियां दिखाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर नागरिक को विकसित भारत का सक्रिय सहभागी बनाएगा। हर जिले में अभियान का आयोजन प्रभारी मंत्रियों की मौजूदगी में होगा। इस अवसर पर मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा और महानिदेशक (सूचना) बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button