जय बाबा केदार!मंत्रोच्चार के साथ खुल गए कपाट:CM पुष्कर ने PM मोदी के नाम अर्पित की पहली पूजा:पत्नी गीता के साथ आराधना-अर्चना की:श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया,`इस बार और अधिक बेहतर-सुविधाजनक होगी 4 धाम यात्रा’

Chetan Gurung
श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज मंत्रोच्चारण के बीच पूरे विधि-विधान के साथ सुबह CM पुष्कर सिंह धामी और उनकी पत्नी गीता और बड़ी-केदार मंदिर समिति के ओहदेदारों की मौजूदगी में सेना की सिख Regiment के Band की धुनों पर हजारों श्रद्धालुओं सामने खोल दिए गए। पहली पूजा मुख्यमंत्री ने PM नरेंद्र मोदी के नाम की। मोदी ने कपाट खोले जाने पर सभी को शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री ने उनका आभार प्रकट किया और कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा का और अधिक ख्याल रखते हुए और बेहतर बंदोबस्त किए गए हैं। द्वार खुलते ही 5 मिनट के भीतर सैकड़ों ने बाबा केदार के दर्शन किए।


खूबसूरत और सुरम्य बर्फीली वादियों में श्री केदारनाथ धाम में पहले दिन श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर ने सबसे पहले पूजा-अर्चना की। मौजूद लोगों को बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने संकल्प लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से प्रथम पूजा अर्पित की। प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु श्री केदारनाथ धाम पहुंचे। CM पुष्कर को पत्नी के साथ सामने देख के वे खासे उत्साहित नजर आ रहे थे।
जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, पूरा परिसर “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आ रहा था। श्रद्धालुओं के चेहरों पर आस्था और उल्लास साफ झलक रहा था। महिला श्रद्धालुओं के जत्थे ने भगवा ध्वज थाम रखे थे। CM पुष्कर ने कहा कि बद्री-केदार-गंगोत्री-यमुनोत्री धाम उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक पहचान हैं। राज्य सरकार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि यात्रा व्यवस्थाओं की वह स्वयं नियमित समीक्षा कर रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा मार्गों, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्व सुनिश्चित किए जाएं। कपाट खुलने के अवसर पर विधायक आशा नौटियाल और 4 धाम मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी मौजूद थे।
PSD ने कहा कि केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है। इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर, उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि PM मोदी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से सभी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य यात्रा सुनिश्चित की गई है। चार धाम यात्रा-2026 को दिव्य व भव्य साबित किया जाएगा।


