
Chetan Gurung
प्रदेश में सरकारी मान्यता एवं शैक्षणिक मानकों के खिलाफ संचालित मदरसों पर देहरादून और हल्द्वानी में डंडा चला. ऐसे 3 मदरसों पर Action लिया गया. सचिव (अल्पसंख्यक) डॉ. पराग मधुकर धकाते ने बताया कि देहरादून में आजाद कॉलोनी स्थित मदरसा जामिया-तुस-सलाम अल-इस्लामिया को सील किया गया.मदरसा दार-ए-अरकम, आजाद कॉलोनी-माजरा तथा मदरसा दारूल उलूम रहीमिया के प्रबंधकों ने मदरसों का संचालन बंद किए जाने संबंधी लिखित अंडरटेकिंग दी गई है।


प्रदेश में अब तक 17 मदरसों को सील किया जा चुका है. तीन मदरसों के प्रबंधकों ने संचालन बंद किए जाने की लिखित सूचना दी है। अब तक 20 बिना मान्यता संचालित मदरसों का संचालन बंद कराया गया है। नैनीताल के हल्द्वानी में शनि बाजार रोड, गौजाजाली उत्तर स्थित मदरसा जामिया नूरिया बरकाते आमिना तथा इंदिरा नगर, बनभूलपुरा में संचालित बिना मान्यता प्राप्त मदरसे को भी सील किया गया है।
हल्द्वानी के नगर मजिस्ट्रेट AB वाजपेयी ने बताया कि संबंधित मदरसा प्रबंधकों को मान्यता से जुड़े आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था। निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई। CM पुष्कर सिंह धामी की साफ हिदायत है कि प्रदेश में किसी भी शिक्षण संस्थान का संचालन निर्धारित नियमों एवं मान्यता के बिना नहीं होने दिया जाएगा।
राज्य में लागू नई व्यवस्था के अंतर्गत अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही निर्धारित शैक्षणिक मानकों का अनुपालन सख्ती से कराया जा रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन कर संचालित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



