
Chetan Gurung
उत्तराखंड विधानसभा के Budget Session के पहले दिन CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार राज्यपाल के अभिभाषण में मौजूद Road Map पर तेजी से कार्य करेगी। उन्होंने रिमोट दबा के उत्तराखंड विधानसभा को डिजिटल करने की शुरुआत की। राज्यपाल ने अभिभाषण में पुष्कर सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राज्य को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प पेश किया।
विधानसभा परिसर में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने अभिभाषण में सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं का उल्लेख किया है। उन पर राज्य सरकार प्राथमिकता से कार्य करेगी। राज्य सरकार प्रदेश के विकास में समर्पित होकर नवाचार के साथ आगे बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपने रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है। राज्य की विकास यात्रा तेजी से निरंतर चले इसके लिए बजट में प्रावधान किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का बताया था। इसको मूर्त रूप देने के लिए उनकी सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उत्तराखंड भी अपना योगदान दे रहा है।
CM PSD ने कहा कि राज्य में 38वें National Games का ऐतिहासिक और सफलतम ढंग से सम्पन्न होना उत्तराखंड के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। देश में सर्वप्रथम समान नागरिक संहिता (UCC) भी लागू करने का श्रेय राज्य को प्राप्त हुआ है। नीति आयोग की सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड का प्रथम स्थान हासिल करना भी उल्लेखनीय उपलब्धि है। बेरोजगारी दर में 4.4% की कमी आई है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार के अनेक ऐतिहासिक निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी आदर्श उदाहरण बन रहे हैं। आज उत्तराखंड भारत का श्रेष्ठ राज्य बनने के करीब है। सबको मिल जुल के उत्तराखंड को भारत का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। राज्य सरकार जन भावनाओं के अनुरूप ही कार्य करेगी।
उन्होंने सदन के बाबत कहा कि इसको सत्ता पक्ष-विपक्ष ने मिल कर चलाना है। सदन सही प्रकार से चले यह सबकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण की उपस्थिति में मंगलवार को ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) का लोकार्पण किया।
इस बार विधानसभा का बजट सत्र नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन के तहत संचालित किया जा रहा है। विधानसभा के कार्यों को डिजिटल और पेपरलेस बनाने के लिए ई-विधानसभा प्रणाली अपनाई गई है। इसके माध्यम से विधायकों को कार्यसूची, विधानसभा में पूछे गये प्रश्नों के जवाब और अन्य दस्तावेज अब ऑनलाइन उपलब्ध होंगे।
विधायकों की टेबल पर टैबलेट लगाए गए हैं। सभी दस्तावेज डिजिटल रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। राज्यपाल Lt Gen Gurmit Singh (Ret) का अभिभाषण से पूर्व विधानसभा भवन में स्वागत और अभिनंदन किया गया। राज्यपाल ने अभिभाषण के दौरान प्रदेश सरकार की पिछले वर्ष की उपलब्धियों को पेश किया। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सरकार की प्राथमिकताओं का भी उल्लेख किया।
अभिभाषण में प्रदेश की मातृशक्ति, युवा वर्ग और पूर्व सैनिकों की अहम भूमिका का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। प्रदेश की आर्थिक समृद्धि, सामाजिक न्याय, महिला कल्याण और अवस्थापना विकास के क्षेत्र में एक स्वर्णिम काल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण करना है।