Chetan Gurung
प्रयागराज महाकुंभ-2025 में उत्तराखंड का भी Pavilion होगा, जिसमें राज्य की सांस्कृतिक विरासत का नजारा लोग ले सकेंगे। मेले को अतिरिक्त जल की जरूरत स्नान के लिए होगी तो उत्तराखंड इसके लिए और जल छोड़ेगा। CM पुष्कर सिंह धामी ने राज्य से मेले में जाने वालों को मुफ्त परिवहन सुविधा मुहैया कराने की हिदायत दी है।
प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने उत्तराखंड को सेक्टर-7-कैलाशपुरी मार्ग, पूर्वी पटरी प्रयागराज में 100×400 वर्ग फिट भूमि आवंटित की है। भूमि आवंटन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार प्रकट किया। उनके विशेष आग्रह पर ही पंडाल के लिए भूमि आवंटित हुई। उत्तराखंड सरकार इस पंडाल में मेलार्थियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं का प्रबंध करेगी।
CM पुष्कर ने अधिकारियों को उत्तराखंड से प्रयागराज महाकुंभ जाने वाले साधु-संतों और अन्य सभी आम लोगों की सुविधाओं का ध्यान रकीहने के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से मंत्री बेबी रानी मौर्य और राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने देहरादून पहुंचकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को महाकुंभ मेले में विशेष रूप से आमंत्रित किया है।
PSD ने कहा कि गंगा और यमुना नदी का उद्गम क्षेत्र उत्तराखंड है। प्रयागराज इन दोनों पवित्र नदियों का संगम स्थल है। हमारे लिए भी यह अत्यंत गौरव की बात है कि आज यहां महाकुंभ मेला आयोजित हो रहा है। उत्तराखंड पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ प्रयागराज महाकुंभ-2025 में भागीदारी करेगा। इस महा आयोजन को सफल बनाने में उत्तर प्रदेश सरकार का कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करेगा। स्नान के लिए जरूरत होगी तो उत्तराखंड अतिरिक्त जल भी छोड़ेगा।