बड़ी मंजूरियाँ!हरिद्वार कुम्भ को भव्य संग सुविधाजनक बनाने-विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए CM पुष्कर ने खोला खजाना:1252 Cr के प्रस्तावों को हरी झंडी

Chetan Gurung
अगले साल की शुरुआत में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुम्भ मेले की तैयारियों समेत राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी खजाना खोलते हुए ₹ 1252 करोड़ रूपये के भारी प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। इतना बजट मिलने से हर किस्म के बुनियादी ढांचे सुदृढ़ किए जा सकेंगे। आपदा प्रबंधन प्रभावी बनाए जा सकेंगे। पेयजल-बाढ़ सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को मजबूती मिल सकेंगी। कुम्भ मेले को सुविधाजनक,भव्य और दिव्य बनाया जा सकेगा।
CM पुष्कर ने नियोजन महकमे के स्पेशल असिस्टेंट टू स्टेट फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट के अन्तर्गत स्वीकृत कार्यो यथा ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजना में त्रिवेणी घाट पुनरूद्धार कार्यों के लिए ₹ 115 करोड़ तथा हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना के अन्तर्गत नॉर्थ हर की पैडी डेवलपमेंट के लिए ₹ 69.06 करोड़ मंजूर किए। मुख्यमंत्री ने टिहरी में टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड (28.605 किमी) तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए तहसील टिहरी/मदन नेगी के अन्तर्गत अधिग्रहित 18 ग्रामों में अर्जित भूमि के प्रतिकर का भुगतान करने के लिए ₹ 25.13 करोड़ भी स्वीकृत किए।
उन्होंने पिथौरागढ़ के विकासखण्ड धारचूला में कैलाश मानसरोवर मार्ग में गब्यांग के चम्फू नाले के पास नवीन डेस्टिनेशन प्रोजेक्ट के अन्तर्गत सामुदायिक सहभागिता के आधार पर एस्ट्रो टूरिज्म/पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 8 नग इग्लू डोम हटों के निर्माण की खातिर ₹ 4.67 करोड़ स्वीकृत किए। समग्र शिक्षा के अन्तर्गत संचालित माध्यमिक/प्रारम्भिक विद्यालय/शिक्षक शिक्षा की स्थापना (90 प्रति के.पो) वेतन का भुगतान के अन्तर्गत वेतन भत्तों, चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए प्राविधानित धनराशि ₹ 446 करोड़ तथा उच्च शिक्षा विभागान्तर्गत 21 अशासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत कार्मिकों के वेतन भुगतान के लिए चालू वित्तीय वर्ष में आय-व्ययक में प्राविधानित धनराशि ₹155.37 करोड़ के सापेक्ष प्रथम छः माह (अप्रैल, 2026 से सितम्बर, 2026) के लिए ₹ 77.69 करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने का भी अनुमोदन किया।
PSD ने चम्पावत के अन्तर्गत लोहाघाट में सरफेस पार्किंग निर्माण के लिए ₹ 39 लाख, थाना टनकपुर में टाईप द्वितीय के 20, टाईप तृतीय के 4 आवासों के निर्माण के लिए ₹ 9.43 करोड़ के सापेक्ष प्रथम किस्त में ₹ 3.77 करोड़ तथा देहरादून के विधानसमा क्षेत्र रायपुर के अन्तर्गत लोहे के पुल से सौंग पुल तक बाढ़ सुरक्षा कार्य की खातिर ₹ 4.22 करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने को भी अनुमोदन प्रदान किया।
‘‘विधायक निधि योजनान्तर्गत’’ चालू वित्तीय वर्ष के आय-व्ययक में प्रावधानित धनराशि से 70 विधायकों को उनके विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए निर्धारित विधायक निधि ₹ 5 करोड़ प्रति विधायक की दर से ₹ 350 करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने को भी अनुमोदन प्रदान किया गया। और महकमों से जुड़े प्रस्तावों को भी वित्तीय मंजूरी सरकार के मुखिया की तरफ से दी गई।



