
Chetan Gurung
गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026 में पहुँच के CM पुष्कर सिंह धामी ने आज विकास से जुड़ी योजनाओं की झड़ी लगाते हुए कई अहम घोषणाएँ कीं। टिहरी के घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक रोपवे निर्माण की घोषणा भी इनमें शामिल रहीं।



उन्होंने कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। नगर पंचायत गजा क्षेत्र में विभिन्न आंतरिक मार्गों के निर्माण, गजा मैदान के विस्तारीकरण एवं मंच निर्माण की घोषणा भी की गई। शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटेक्निक गजा में फार्मेसी विषय की स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोटेश्वर झील के विकास तथा डांडाचली में ईको पार्क निर्माण,पावकी देवी एवं चमराड़ा देवी (भरपूर) मंदिरों के सौंदर्यीकरण का ऐलान भी किया। । दंदेली, अंदरफीगांव, फलसारी, बिमाण गाँव मोटर मार्ग तथा रणाकोट डांडा जमोला मोटर मार्ग की स्वीकृति देने की घोषणा भी की।
स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने चाका महिला अस्पताल को PHC में परिवर्तित कर उसके उच्चीकरण तथा चाका में सामुदायिक भवन के सुदृढ़ीकरण की घोषणा की। हेंवल नदी में झील निर्माण तथा गजा बगीद के 33 KV सब स्टेशन की स्वीकृति प्रदान किए जाने की घोषणा भी की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर ने गजा स्थित प्राचीन घंटाकर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर राज्य सरकार उत्तराखण्ड को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मंत्री सुबोध उनियाल, नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान ने भी विचार व्यक्त किए। DM नितिका खंडेलवाल, SSP श्वेता चौबे भी इस मौके पर उपस्थित रहीं।



