
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी से आज BJP के प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार समेत महामंत्रियों दीप्ति रावत,तरुण बंसल और कुन्दन परिहार और विधायकों ने अलग-अलग मुलाक़ात की। संगठन के ओहदेदारों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के उत्तराखंड दौरे और MLAs ने अपने क्षेत्र के विकास कार्यों पर मंथन किया। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर टिकट की चाह रखने वालों और टिकट कटने के खतरे से बचने में जुटे चेहरों की आमद मुख्यमंत्री की दहलीज पर बढ़ गई है।

अजेय,दीप्ति,तरुण-कुन्दन ने मुख्यमंत्री आवास पर मुलाक़ात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे की तैयारियों के साथ ही संगठन को ले के भी विचार-विमर्श किया। कुछ हफ्तों से मुख्यमंत्री से मुलाक़ात करने वाले मंत्रियों और विधायकों की तादाद ख़ासी बढ़ गई है। शनिवार को ये सिलसिला कायम रहा। धनोल्टी के प्रीतम पँवार,सहसपुर के सहदेव पुंडीर,यमुनोत्री के संजय डोभाल समर्थकों के साथ Camp Office में पहुंचे। उन्होंने अपने क्षेत्रों के विकास कार्यों और समस्याओं पर चर्चा की।

विधानसभा चुनाव के करीब आते-आते मुख्यमंत्री से मुलाक़ात करने के लिए विधायक और टिकट की चाह रखने वालों की बेकरार भीड़ बहुत बढ़ गई है। मंत्रियों की भी मुख्यमंत्री से मिलने की संख्या बढ़ गई है। खास बात ये है कि संगठन में अहम ओहदों को संभाल रहे चेहरे भी चुनाव लड़ने की इच्छा रखने के साथ ही तैयारियां भी रखे हुए हैं।



इनमें से कुछ को बतौर उम्मीदवार मजबूत भी समझा जाता है। उनकी दावेदारी को गंभीर और चुनाव निकालने की संभावना को अधिक सशक्त माना जा रहा है। ये भी संभावना जताई जा रही है कि संगठन शायद इस बार अपनी महामंत्री दीप्ति को उनकी तैयारियों और अच्छी संभावना के मद्देनजर इस बार चुनावी जंग में उतार दे। PM नरेंद्र मोदी और BJP का Focus इन दिनों नारी वंदन और महिलाओं के सशक्तिकरण पर है। टिकटों के बंटवारे पर कहने को Parliamentary Board की अहम भूमिका कही जाती है लेकिन हकीकत जुदा है।
सूत्रों के मुताबिक CM पुष्कर की मौजूदा हैसियत पार्टी में भी बहुत शक्तिशाली है। उनके पास टिकट दिलाने और न देने का Veto Power है। PM नरेंद्र मोदी और HM अमित शाह को उन पर भरपूर भरोसा है। उनके भरोसे ही दोनों ने BJP का अश्वमेध यज्ञ करना है। PSD की हाँ और ना पर टिकट की चाह रखने और चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वालों की सियासी पतंग परवाज़ भर पाएगी। यूं भी कह सकते हैं की कट भी सकती है।
इस हकीकत से अंजान कोई नहीं है। हर किसी की गाड़ी इन दिनों इसीलिए शहीद मेख गुरुंग मार्ग स्थित CM आवास की तरफ दौड़ती नजर आने के पीछे उनकी यही ताकत है। आज ही हिन्दी कवि और इन दिनों कथा सुनाने के लिए अधिक चर्चित कुमार विश्वास भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। CM पुष्कर ने कुमार विश्वास को गुलदस्ता दे के स्वागत किया।



