अंतरराष्ट्रीयउत्तराखंडदेशयूथराजनीतिराष्ट्रीय

Big Story::Assembly Elections से पहले CM पुष्कर ने अवाम के सामने खोल के पढ़ डाला अपना Report Card:बताया कि गुजरे 5 सालों में क्या किया और क्या कर रहे हैं!

Chetan Gurung

विधानसभा चुनाव के मुहाने पर खड़े उत्तराखंड में सरकार ने 5 साल में क्या किया और वह कितनी सफल रही, इस बाबत खुद CM पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में समारोह आयोजित कर अपना Report Card भरपूर आत्मविश्वास के साथ धड़ल्ले से पेश कर दिया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, उद्योग, निवेश, ऊर्जा, आधारभूत सुविधाओं, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। विधानसभा चुनाव तकरीबन ढाई महीने बाद हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उनकी अगुवाई में सरकार ने उत्तराखण्ड के विकास में कई नई गाथाएँ लिखीं। राज्य सरकार ने केवल योजनाएं बनाने तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन तक उनका लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया। PM नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। वर्ष-2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण करना राज्य सरकार का लक्ष्य है।

CM पुष्कर ने कहा कि पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। जर्मन और जापानी भाषा के प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को मुफ्त Online Coaching से जोड़ा जा रहा है। उत्तराखण्ड राज्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू करने वाला देश का प्रथम राज्य बना है।

उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उत्तराखण्ड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है। देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया गया है। प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

PSD ने कहा कि देवभूमि परिवार योजना के तहत महिलाओं को परिवार के मुखिया के रूप में मान्यता दी गई है। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को संगठित कर 70,767 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं। स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत लगभग 10 लाख लाभार्थियों को करीब 148 करोड़ रुपये प्रतिमाह DBT के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है। मंडुआ की खरीद के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल की दर निर्धारित की गई है।

उन्होंने ये भी बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को बढ़ावा देने के लिए पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में 53 हजार से अधिक तथा ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2022 से अब तक 39,815 परिवारों को आवास का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जल्द ही 50 हजार और आवासों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है।

पुष्कर ने कहा कि अंत्योदय मुफ्त गैस रिफिल योजना के तहत लगभग पौने दो लाख परिवारों को प्रतिवर्ष तीन गैस सिलेंडरों की मुफ्त रिफिलिंग की सुविधा दी जा रही है। दिसंबर-2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने नीति आयोग के SDG इंडेक्स 2023-24 में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राज्य को टॉप अचीवर्स तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम में लीडर्स श्रेणी में स्थान मिला है। निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में उत्तराखण्ड को पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान मिला है। अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज में से तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं।

उन्होंने कहा कि किच्छा में AIIMS के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। हल्द्वानी में कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य चल रहा है। उत्तराखण्ड आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में 27 जनवरी 2025 से समान नागरिक संहिता लागू की गई है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

पुष्कर ने कहा कि राज्य में धर्मांतरण विरोधी कानून को और सख्त बनाया गया है। दंगारोधी कानून लागू किया गया है। सख्त भू-कानून के माध्यम से प्रदेश के 11 जनपदों में राज्य के बाहर के व्यक्तियों पर कृषि एवं बागवानी भूमि की खरीद पर प्रतिबंध लगाया गया है। अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है। उत्तराखण्ड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से शासन और प्रशासन को आम जनता के और करीब लाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने बताया कि अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हुआ है। चार धाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर कार्य गतिमान है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। प्रदेश में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून-मसूरी रोपवे का निर्माण कार्य गतिमान है। देहरादून एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का विस्तार किया गया है तथा पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 524.78 एकड़ भूमि हस्तांतरित की गई है। प्रदेश में हेली रूट, हेलीपोर्ट और हेलीपैड की संख्या में भी वृद्धि की गई है। देहरादून में रिस्पना और बिंदाल कॉरिडोर के निर्माण को स्वीकृति मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीन चरणों में 11,595 करोड़ रुपये की लागत से 2,826 सड़कों का निर्माण कर 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश बाईपास परियोजना के लिए 1,105 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। देहरादून से दिल्ली और देहरादून से लखनऊ के लिए वंदे भारत रेल सेवा शुरू की गई है। शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। ऋषिकेश में 100 करोड़ रुपये की लागत से राफ्टिंग बेस स्टेशन विकसित किया जा रहा है। प्रदेश में वेडिंग डेस्टिनेशन, योग और वेलनेस पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नीतियां बनाई गई हैं।

CM PSD ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक तथा नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए 25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। टिहरी में एक हजार मेगावाट की वेरिएबल स्पीड पंप्ड स्टोरेज परियोजना की चारों इकाइयों ने वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है। व्यासी जलविद्युत परियोजना से 120 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। किसाऊ बांध परियोजना को लेकर वर्षों बाद सहमति बनी है। इस पर छह राज्यों के बीच समझौता किया गया है।

मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत 1,132 सौर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 16,555 में से 15,540 योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं तथा 14.48 लाख में से 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 264.50 करोड़ रुपये की केंद्रीय प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है। प्रदेश की 7,817 ग्राम पंचायतों में से 5,972 में पंचायत भवन अथवा पंचायत सचिवालय की सुविधा उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत 51 गांवों में 270 करोड़ रुपये की लागत से करीब 200 परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। वन्यजीवों के हमले में मृत्यु होने पर प्रभावित परिवार को दी जाने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। उत्तराखण्ड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का शानदार आयोजन किया गया। इसमें राज्य ने 103 पदक प्राप्त कर शतक का आंकड़ा पहली बार इतिहास में पार किया।

पुष्कर ने कहा कि हल्द्वानी के गौलापार में राज्य खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में कार्य किया गया है। प्रदेश के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां संचालित हैं। चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है। शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिवारों की मासिक पेंशन तीन हजार रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये, जेल गए एवं घायल आंदोलनकारियों की पेंशन छह हजार रुपये से बढ़ाकर सात हजार रुपये तथा सक्रिय आंदोलनकारियों की पेंशन 4,500 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रतिमाह की गई है।

राज्य आंदोलनकारियों के अधिकतम दो बच्चों को स्कूल एवं कॉलेज में निःशुल्क शिक्षा तथा आंदोलनकारियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। अग्निवीर फ़ौजियों को राज्य सरकार में नौकरी देने के लिए अग्निवीर सेल का गठन किया गया है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मंत्री मदन कौशिक,सुबोध उनियाल,धन सिंह रावत,सतपाल महाराज,खजानदास,प्रदीप बत्रा,गणेश जोशी, विधायक व अन्य अहम लोग उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button