
Chetan Gurung
चीन-नेपाल सीमा से सटे खूबसूरत और आदि कैलाश-ओम पर्वत के घर पिथौरागढ़ वालों को वृहस्पतिवार को शानदार तोहफा मिला। उनको अब देहरादून आने और यहाँ से लौटने की सोच के सिर दुखाने की जरूरत नहीं होगी। CM पुष्कर सिंह धामी ने आज राजधानी और सोर घाटी के मध्य Alliance Air के 42 Seater विमान की उड़ान को जौली ग्रांट Airport में हरी झंडी दिखा के सेवा शुरू कर दी। सड़क मार्ग से 16 घंटे का सफर विमान के जरिये महज 1 घंटे में पूरा होगा। ये उड़ान महीनों से ठप्प थी।





पिथौरागढ़ जा रहे विमान के मुसाफिरों से CM पुष्कर सिंह धामी ने बात कर शुभकामनाएँ दीं
——————
उड़ान जब शुरू भी थी तो इसके टिकट मिलने को ले के मारामारी रहती थी। कई बार उड़ान कई कारणों से रद्द होती थी। पहले 14 या 18 सीटर विमान होने से सीट की दिक्कत रहती थी। अब दुगुनी यात्री क्षमता वाला विमान होने से टिकट की मारामारी भी कम या खत्म होने की संभावना है। मुख्यमंत्री पुष्कर ने आज कहा कि रामनवमी के शुभ अवसर पर देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए 42 सीटर विमान सेवा शुरु होने से दोनों शहरों के मध्य का सफर एक घंटे में पूरा हो सकेगा। यह विमान सेवा सामरिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा करना केवल विशिष्ट और सम्पन्न वर्ग के लोगों के लिए ही संभव माना जाता था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हवाई चप्पल पहनने वाला आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर सकता है। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2016 में UDAN योजना की शुरुआत कर देश में नागरिक विमानन के क्षेत्र में एक नई क्रांति का सूत्रपात किया था। जिसके माध्यम से छोटे शहरों, दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़कर आम नागरिकों को सस्ती दरों पर हवाई सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
PSD ने कहा कि केंद्र सरकार ने दो दिन पूर्व ही UDAAN योजना 2.O को मंजूरी प्रदान की है। आगामी 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये के बजट से 100 नए हवाई अड्डों और 200 नए हेलीपैड के विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना का विस्तार विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने तथा दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में सस्ती एवं सुगम हवाई सेवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।
CM पुष्कर ने कहा कि पर्वतीय राज्य होने के नाते उत्तराखंड के लिए हवाई सेवाएँ परिवहन से अधिक जीवन रेखा बन चुकी है। दुर्गम और दूरस्थ अंचलों में आवश्यक सामग्री पहुँचाने से लेकर गंभीर रोगियों को त्वरित उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक लाने में हवाई सेवाएं कारगर साबित हो रही हैं। वर्तमान में UDAAN योजना के अंतर्गत राज्य में 26 हवाई मार्गों का संचालन किया जा रहा है। राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए वर्ष 2023 में “उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना” प्रारंभ की गई है।
वर्तमान में इस योजना के अंतर्गत 6 हवाई मार्गों पर उड़ानों का नियमित संचालन किया जा रहा है। बीते चार वर्षों में प्रदेश में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 हो गई है। हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है। उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” जैसा राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुका है। आज शुरू सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले हमारे सीमांत क्षेत्रों को वर्षों तक उपेक्षित रखा, जिस कारण इन क्षेत्रों में विकास की गति सीमित रही। आज केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में काम कर रही हैं। पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच भी हेली सेवा प्रारंभ की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने का काम भी कर रही है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और उत्तराखंड सरकार के मध्य नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए MoU भी किया गया है। इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के जरिए देहरादून-पिथौरागढ़ विमान सेवा के लिए शुभकामानाएं देते हुए राज्य में हवाई सुविधाओं को बढ़ावा देने का आश्वासन दिया। समारोह में मंत्री खजान दास,भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, दायित्वधारी हेमराज बिष्ट, Alliance Air के CMD अमित कुमार, UCADA के CEO डॉ. आशीष चौहान, ACEO संजय टोलिया मौजूद थे।



