
Chetan Gurung
राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पेयजल, पर्यटन, सिंचाई योजनाओं पर तेजी से अमल और पौड़ी में NCC Academy की स्थापना के लिए आज CM पुष्कर सिंह धामी ने खजाना खोलते हुए 38 Cr की वित्तीय मंजूरी दे दी। इसके बाद अब संबन्धित योजनाओं पर कामकाज जल्द शुरू हो जाना तय है।
मुख्यमंत्री ने नाबार्ड वित्त पोषण के अंतर्गत चमोली एवं अल्मोड़ा में सिंचाई विभाग की 5 योजनाओं के लिए ₹12.83 करोड़ सहित सिंचाई विभाग की 7 अन्य योजनाओं के लिए ₹15.06 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी। हाल के महीनों में वह विकास योजनाओं को न सिर्फ मंजूरी अधिक से अधिक तादाद में दे रहे, बल्कि उनकी वित्तीय मंजूरियों को भी एक किस्म से हाथों-हाथ देते जा रहे।
चम्पावत में भी 50 हैंड पंप तथा 31 सोलर पैनलों की स्थापना के लिए ₹3.98 करोड़,नैनीताल स्थित पर्यटक आवास गृह, मुक्तेश्वर के उच्चीकरण कार्य के लिए ₹4.96 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी गई। पौड़ी NCC Academy के लिए ₹50 करोड़ के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में ₹1 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति मिली। राज्य सरकार के सिविल एवं पारिवारिक पेंशनरों के लिए महंगाई राहत की दरों में वृद्धि के प्रस्ताव को भी अनुमोदन मुख्यमंत्री का मिल गया।
राज्य सरकार के पांचवें एवं छठवें केन्द्रीय वेतन आयोग की संस्तुतियों के अनुसार लागू वेतन बैंड एवं ग्रेड वेतन में पेंशन प्राप्त कर रहे सिविल एवं पारिवारिक पेंशनरों को इसका फायदा मिलेगा। उनकी महंगाई राहत की दरों में वृद्धि देते हुए 1 जनवरी 2026 से पांचवें वेतनमान वालों को महंगाई राहत 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 484 प्रतिशत तथा छठवें वेतनमान के पेंशनरों को 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत प्रति माह दर का लाभ मिलेगा।
पुष्कर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास, आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने, पर्यटन को बढ़ावा देने, किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को सभी स्वीकृत योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।



