
Chetan Gurung
ईगास पर्व के उपलक्ष्य पर पूर्व संध्या में CM पुष्कर सिंह धामी लखनऊ के व्यस्त दौरे से लौट के आने के बावजूद खूब उत्साहित और जश्न के अंदाज में दिखे और पत्नी गीता के साथ अपने सरकारी आवास पर मंत्रियों-संतों-MLAs और अन्य के साथ देर शाम जम के भैलो खेला। उन्होंने संतों को साथ लिया उर महिला कलाकारों के साथ पारंपरिक समूह नृत्य कर माहौल में उत्सव का रंग तथा जोश भर दिया।





सफ़ेद कुर्ता-पाजा,उत्तराखंडी टोपी पहने और स्टोल गले में डाल के मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं पूरे उत्साह के साथ इगास पर्व मनाया तथा पारंपरिक रूप से भैलो खेलकर उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक परंपराओं का निर्वहन किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में लोक संस्कृति, परंपरा और पहाड़ की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मंत्री गणेश जोशी, अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
CM पुष्कर ने प्रदेशवासियों को इगास की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, आस्था, परंपरा और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। हमें अपनी जड़ों, अपनी मिट्टी और अपने पूर्वजों की गौरवशाली विरासत से जोड़ता है। उत्तराखण्ड की संस्कृति अत्यंत समृद्ध और विविधतापूर्ण है। यहां के लोकपर्व, लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक खानपान, वेशभूषा और रीति-रिवाज हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इगास पर्व भी इसी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिकता और बदलते सामाजिक परिवेश के बीच अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आज आवश्यकता है कि हम अपनी नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और त्योहारों के महत्व से परिचित कराएं। बच्चों और युवाओं को इगास, हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति, उत्तरायणी सहित प्रदेश के विभिन्न लोकपर्वों से जोड़ना होगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसकी भाषा, संस्कृति और परंपराओं में निहित होती है। अपनी लोक संस्कृति को जीवित रखने के लिए घरों, गांवों और सामाजिक जीवन में भी परंपराओं को अपनाना होगा। बच्चों को अपने त्योहारों के पीछे छिपे ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व के बारे में बताना चाहिए। गांवों में होने वाले पारंपरिक उत्सवों, मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
PSD ने कहा कि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति को संरक्षित करने में प्रवासी उत्तराखण्डियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रह रहे प्रदेश के लोग अपने त्योहारों को पारंपरिक रूप से मनाकर उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जन्मभूमि और पैतृक गांवों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं, पारंपरिक मेलों, लोकभाषाओं और ऐतिहासिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। ईगास मनाने के लिए मंत्री सुबोध उनियाल,प्रदीप बत्रा,गणेश जोशी और दायित्वधारी अभिषेक शाही भी पहुंचे थे।



