
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा के दन्या में रामलीला मैदान पर लोगों के सामने विकास योजनाओं के ऐलानों की दनादन झड़ी लगा डाली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र का पूरा विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड तेजी से प्रगति कर रहा। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय में 4.96 करोड़ रूपये की लागत से नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।





मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उत्तराखण्ड को वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। केदारखंड और मानसखंड में पर्यटन गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक राज्य में पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के माध्यम से वहां विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार धामों के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। आयुर्वेद एवं योग आधारित पर्यटन के क्षेत्र में भी व्यापक कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘One District-One Festival’ की अवधारणा के तहत मेलों और स्थानीय सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान दी जा रही है। स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं।
PSD ने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। नक़ल विरोधी कानून के माध्यम से युवाओं का पारदर्शी भर्ती परीक्षाओं में विश्वास फिर स्थापित हुआ है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध राज्य सरकार लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कई विकास योजनाओं का ऐलान किया। मुख्य घोषणाएं ये रहीं-
* शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार का निर्माण किया जाएगा।
* चमतोला खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा।
* राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
* GIC गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण किया जाएगा।
* प्रेम मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
* खेती जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी नामक स्थान से कलूटा पोलिंग बूथ तक मोटर मार्ग बनाया जाएगा।
* राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी का उच्चीकरण किया जाएगा।
–केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी इस मौके पर कहा कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना है। मुख्यमंत्री पुष्कर दन्या निवासी पवन पंत के आवास भी पहुंचे। वहाँ उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा में सहभागिता की।

विधायक मोहन सिंह महरा, BJP प्रदेश मंत्री गौरव पांडे,जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल,DM अंशुल सिंह ,SSP चंद्रशेखर भी मुख्यमंत्री के साथ रहे।



