
Chetan Gurung
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों संग आज अपने Camp Office में उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना और हाथों-हाथ शासन के आला अफसरों को ताकीद की कि वे इन पर नियमानुसार कार्यवाही करें। समस्याओं का उचित समाधान तलाशें।



शिक्षा अधिकारी प्रशासनिक संवर्ग एसोसिएशन, के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों मुख्यमंत्री से भेंट की।प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक, अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक एवं खंड शिक्षा अधिकारियों के रिक्त पदों पर विभागीय पदोन्नति किए जाने तथा कार्मिकों की परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने के बाद स्वतः स्थायीकरण की व्यवस्था की मांग की।
उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, जल संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखण्ड जल संस्थान के राजकीयकरण,उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में गैर-शैक्षणिक कार्मिकों के रिक्त पदों को भरने, उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय में गैर-शिक्षण कार्मिकों के पदों के पुनर्गठन तथा गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रयोगशाला सहायकों को राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों में कार्यरत प्रयोगशाला सहायकों के समान वेतनमान देने की मांग की।
उत्तराखण्ड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने 25 अक्टूबर 2005 से पूर्व विज्ञापित पदों पर नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने,वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को TET परीक्षा में शिथिलता देने की मांग उठाई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन, उत्तराखण्ड, उत्तराखंड एएनएम संवर्ग संगठन, लैब टेक्निशियन संगठन, राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ उत्तराखण्ड, माध्यमिक अतिथि शिक्षक संघ उत्तराखण्ड, अंशकालिक शिक्षक संघ तथा उत्तराखण्ड राज्य आबकारी निरीक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने भी मुख्यमंत्री के सामने अपनी मांगों को पेश किया।
CM पुष्कर ने प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु को निर्देश दिए कि विभिन्न संगठनों की मांगों एवं समस्याओं का संबंधित विभागों के माध्यम से नियमानुसार परीक्षण कराते हुए समाधान की दिशा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। सचिव शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, आयुक्त (गढ़वाल) आनंद स्वरूप, IG-Garhwal-राजीव स्वरूप, अपर सचिव JC काण्डपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।



