
Chetan Gurung
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेशावर कांड की सालगिरह पर थलीसैंण के पीठसैंण में आयोजित होने वाले राजकीय क्रांति दिवस मेले को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के नाम पर रखने का ऐलान करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में शहीद जवानों के परिजनों का सरकार पूरी ज़िम्मेदारी से ख्याल रखेगी। काशीपुर में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में अपने प्राण गंवाने वाले निर्दोष पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। ₹11.27 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय (काशीपुर) में नवनिर्मित भवन तथा काशीपुर, ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का लोकार्पण किया। CSR के माध्यम से काशीपुर के वार्डों के लिए वाटर कूलर और मुफ्त एंबुलेंस सेवा का फ्लैग ऑफ किया।
वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्मारक स्थल पर आयोजित राजकीय क्रांति दिवस मेले का मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। गढ़वाली की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार इस नृशंस कृत्य का बदला अवश्य लेगी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर गढ़वाली देश के गौरव हैं। पेशावर में निहत्थे लोगों पर गोली चलाने से इन्कार कर उन्होंने मानवता और नैतिकता का जो उदाहरण पेश किया, वह इतिहास में अमर है। राज्य सरकार ने शहीद सैनिकों के परिवारजनों को मिलने वाली अनुग्रह सहयोग राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया है। शहीद सैनिकों के परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी भी दी जा रही है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उनकी विधवाओं की पेंशन 21 हजार से बढ़ाकर 25 हजार कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिकता संहिता कानून को लागू किया है। जनभावना के अनुरूप सख़्त भू-कानून लागू किया है। नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद राज्य में 22 हजार से अधिक नियुक्तियां पारदर्शी तरीके से हुई हैं। चार धाम यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पेशावर कांड के महानायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली देश की चेतना, नैतिकता और मानवीय मूल्यों के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री ने थलीसैंण क्षेत्र में 10वीं व 12वीं के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। महिला स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों व पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर दर्जाधारी राज्य मंत्री महेश्वर सिंह माहरा, ऋषि कंडवाल, जिला पंचायत प्रशासक शांति देवी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत भी उपस्थित थे।