
Chetan Gurung
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रुद्रपुर में शंखनाद रैली में कहा कि लोकसभा चुनाव में अब की बार 400 पार का नारा हकीकत में नए भारत की चाबी है। इसको सही हाथों में देना हम सब की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ही नहीं उत्तराखंड में ऐतिहासिक विकास हुए.
मुख्यमंत्री पुष्कर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को विकास की नई बुलंदियों पर पहुंचाया। 10 साल में ऐतिहासिक कार्यों का जो कीर्तिमान स्थापित किया है, वह न भूतो और न भविष्यति हैं। कोरोना काल के हम साक्षी हैं. जिस दौर में दुनिया आर्थिक संकट से जूझ रही थी, भारत ने 11वीं नम्बर की अर्थव्यवस्था को 5वें स्थान पर लाकर नए मापदंड स्थापित किए।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने, CAA पर फैसला, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक, सर्जिकल स्ट्राइक जैसे बड़े कामों की उपलब्धि को दुनिया के लिए भी ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से पहले से ही विशेष लगाव रहा है। उत्तराखंड के जन-जन के मन में प्रधानमंत्री बसते हैं। उन्होंने 10 वर्षों में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में हुए 2 लाख करोड़ के कार्यों को भी ऐतिहासिक बताया।
कांग्रेस पर तीखे प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस हर बार अपने राजकुमार को लांच करने के असफल प्रयास में जुटी रहती है. देश को लूटने वाली पार्टी को इस बार भी जनता करारा जवाब देगी। प्रधानमंत्री के मुंह से निकले बोल, `यही समय है, सही समय है’, को आत्मसात कर 19 अप्रैल को देश के विकास की चाबी तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों में सौंपने के लिए उत्साह दिखाना होगा।