अंतरराष्ट्रीयउत्तराखंडदेशपर्यटनयूथराजनीतिराष्ट्रीय

उम्मीद और Action!!बदलेगी उत्तराखंड की सूरत::8,279 करोड़ के कॉरिडोर प्रोजेक्ट्स पर CM पुष्कर ने ली Report:अफसरों को तय वक्त पर गुणवत्ता के साथ कार्य करने की सख्त ताकीद:1 महीने की मोहलत:80 हजार को रोजगार की उम्मीद

Chetan Gurung

देहरादून: CM पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) की पांचवीं बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर तथा शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर सहित राज्य की प्रमुख अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की बारीक समीक्षा की गई। तीनों कॉरिडोर के अंतर्गत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें से लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं।

CM पुष्कर सिंह धामी


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चल रहे कार्यों में तेजी लाई जाए। जिन परियोजनाओं को शीघ्र शुरू किया जा सकता है, उनकी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर काम प्रारंभ कराया जाए। आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखने चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को क्षेत्र विशेष की पहचान, स्थानीय संस्कृति, धार्मिक और प्राकृतिक महत्व के अनुसार आगे बढ़ाया जाए। स्थानीय विशिष्टताओं का समावेश किया जाए। क्षेत्र की पहचान कायम रहे। पर्यटन व रोजगार के अवसर बढ़ने चाहिए।

–हरिद्वार गंगा कॉरिडोर: दिसंबर 2026 तक कई कार्यों का लक्ष्य–

हरिद्वार गंगा कॉरिडोर में 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें लगभग 495 करोड़ रुपये के कार्य क्रियान्वयन के चरण में हैं। बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार:

  • प्रशासनिक मार्ग के विकास का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
  • हर की पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र में 70 प्रतिशत, हर की पैड़ी व सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास का 45 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है।
  • मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों का क्रमशः 55 प्रतिशत व 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
  • सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

–ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर: सुरक्षा और घाट विकास पर जोर– 

ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर में 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 274 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं क्रियान्वयन में हैं। जानकी झूला के पास एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसको जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा 115.07 करोड़ रुपये से त्रिवेणी घाट का विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण चल रहा है। शिवपुरी व नीम बीच में राफ्टिंग और पर्यटक सुविधाओं का विकास भी किया जा रहा है।

शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के अंतर्गत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 340.49 करोड़ रुपये के कार्य जारी हैं। आपदा जोखिम घटाने के लिए 85.23 करोड़ रुपये से बन रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत, 184.20 करोड़ रुपये से शारदा घाट पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और 66.49 करोड़ रुपये से शहरी जल निकासी योजना के प्रथम चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में है।

–रोजगार और स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन–

इन परियोजनाओं से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को परोक्ष रोजगार मिलेगा। बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार में लगभग 72 हेक्टेयर में आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र (स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन) विकसित करने की प्रगति, साहसिक पर्यटन, निजी निवेश और प्रभावी निगरानी पर भी चर्चा हुई।

बैठक में मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनन्दबर्द्धन,प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु,R मीनाक्षी सुंदरम,सचिव रविनाथ रमन,डॉ पंकज पांडे और RC अजय मिश्र और कार्यदायी संस्थानों के अफसर उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button